भारत-बांग्लादेश सीमा वार्ता आज से

 भारत से अवैध बांग्लादेशियों की पहचान कर उन्हें जबरन वापस भेजने (पुश-इन) का बांग्लादेश विरोध कर रहा है। बांग्लादेश ने रविवार को कहा कि बीएसएफ और बीजीबी के महानिदेशकों की वार्ता में इस मुद्दे पर चर्चा होगी।

सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) और बार्डर गार्ड बांग्लादेश (बीजीबी) के बीच द्विवार्षिक 57वां महानिदेशक स्तरीय सीमा समन्वय सम्मेलन सोमवार आठ जून से 11 जून तक नई दिल्ली में आयोजित किया जाएगा।

इस सम्मेलन में बांग्लादेशी प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व बीजीबी प्रमुख मेजर जनरल मोहम्मद अशरफुज्जमान सिद्दीकी करेंगे, जबकि भारतीय टीम का नेतृत्व बीएसएफ के महानिदेशक प्रवीण कुमार करेंगे।बांग्लादेश के गृह मंत्री सलाहुद्दीन अहमद ने कहा, सीमा पर स्थिति, द्विपक्षीय सहयोग और विशेष रूप से पुश-इन के मुद्दे को बीजीबी द्वारा उठाया जाएगा।

गौरतलब है कि भारत का कहना है कि केवल अवैध घुसपैठियों को उचित प्रक्रियाओं का पालन करते हुए बांग्लादेश वापस भेजा जाता है। गौरतलब है कि भारत बांग्लादेश के साथ 4,096 किलोमीटर लंबी अंतरराष्ट्रीय सीमा साझा करता है, जिसमें से लगभग 860 किलोमीटर हिस्से में बाड़ नहीं लगे हैं।

दोनों देशों के बीच महानिदेशक स्तर की सीमा वार्ता 1975 से 1992 के बीच हर साल आयोजित की जाती थी, लेकिन 1993 से इसे दो साल पर आयोजित किया जाता है।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com