रूस ने एक बार फिर यूक्रेन पर बड़े पैमाने पर हमला किया है। कुछ घंटे पहले ही यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने हमले की चेतावनी दी थी। रूस ने रात भर यूक्रेन के कई शहरों को निशाना बनाया।
सीमा पार ड्रोन हमलों की बढ़ती कड़ी में ये सबसे ताजा हमला है। बता दें कि रूस और यूक्रेन चार साल से ज्यादा समय से चल रहे इस युद्ध में एक-दूसरे पर हमले जारी रखे हुए हैं।
कितना हुआ नुकसान?
रॉयटर्स के अनुसार, निप्रो में पांच लोगों की मौत की खबर है और दर्जनों अन्य घायल हुए हैं। कीव में कम से कम चार लोग मारे गए और 51 घायल हुए। बीबीसी के हवाले से कीव के मेयर विटाली क्लित्स्को ने पुष्टि की कि दो ऊंची अपार्टमेंट इमारतों पर हमला हुआ है और इस बात का डर बढ़ रहा है कि लोग अभी भी मलबे के नीचे फंसे हो सकते हैं।
कीव शहर के सैन्य प्रशासन के प्रमुख तैमूर तकाचेंको ने टेलीग्राम पर लिखा, “शुरुआती रिपोर्टों से पता चलता है कि मलबे के नीचे लोग फंसे हुए हैं।” दक्षिण-पूर्वी शहर जापोरिजिया में एक औद्योगिक इकाई पर भी हमला किया गया।
कुर्स्क इलाके में यूक्रेनी ड्रोन हमले में आम नागरिक की मौत
एएफपी की एक रिपोर्ट के मुताबिक, यूक्रेन की सीमा के पास रूस के कुर्स्क इलाके में एक यूक्रेनी ड्रोन हमले में एक व्यक्ति की भी मौत हो गई। कुर्स्क इलाके के गवर्नर अलेक्जेंडर खिन्श्टीन ने टेलीग्राम पर लिखा, “आज रिल्स्की जिले के श्चेकिनो गांव में एक दुश्मन ड्रोन ने एक आम नागरिक की गाड़ी पर हमला किया। हमें गहरे दुख के साथ बताना पड़ रहा है कि एक आम नागरिक की मौत हो गई है।”
बढ़ती मौतों के बावजूद शांति के प्रयास ठप
यूक्रेन में युद्ध पिछले चार साल से भी ज्यादा समय से जारी है। रूस ने फरवरी 2022 में आक्रमण शुरू किया था। दोनों देश बुनियादी ढांचे, सैन्य ठिकानों और कभी-कभी नागरिक इलाकों को निशाना बनाने के लिए मानवरहित हवाई वाहनों (ड्रोन) पर ज्यादा से ज्यादा निर्भर होते जा रहे हैं।
इस संघर्ष को समाप्त करने के प्रयास अभी भी ठप पड़े हैं। दोनों पक्षों की ओर हताहतों की बढ़ती संख्या के बावजूद बातचीत पूरी तरह से रुक गई है और संघर्ष-विराम का कोई स्पष्ट रास्ता भी नजर नहीं आ रहा है।
Live Halchal Latest News, Updated News, Hindi News Portal