कजाकिस्तान में मेडिकल की पढ़ाई कर रहे दो भारतीय छात्रों की मौत हो गई। छात्र बृजराज मीना और निखिल कुरी कजाकिस्तान के करागंडा मेडिकल यूनिवर्सिटी में एमबीबीएस के द्वितीय वर्ष की पढ़ाई कर रहे थे। दोनों राजस्थान के निवासी थे।
शनिवार को दोनों छात्र कथित तौर पर कजाकिस्तान में तैरते समय डूब गए। ऑल इंडिया मेडिकल एसोसिएशन (एफएआईएमए) डॉक्टर्स एसोसिएशन ने विदेश मंत्रालय को औपचारिक रूप से पत्र लिखकर कजाकिस्तान में जान गंवाने वाले दोनों छात्रों के पार्थिव शरीर को स्वदेश वापस लाने के लिए तत्काल हस्तक्षेप और सहायता का अनुरोध किया है।
परिवार को पहुंचा सदमा
छात्रों की मौत से भारतीय मेडिकल छात्र समुदाय, उनके दोस्तों और परिवार को गहरा सदमा लगा है। इस घटना ने उनके प्रियजनों को स्तब्ध कर दिया है और विदेश में पढ़ रहे साथी छात्रों को भी गहरा दुख पहुंचाया है।
विदेश मंत्रालय को लिखे पत्र में एफएआईएमए डॉक्टर्स एसोसिएशन के प्रतिनिधि डॉ. मोहम्मद मोमिन खान ने सरकार से इस कठिन समय में शोक संतप्त परिवारों को हर संभव सहायता प्रदान करने का अनुरोध किया है।
शवों को वापस लाने का आग्रह
डॉ. खान ने इस बात पर जोर दिया कि शोक संतप्त परिवार एक अकल्पनीय त्रासदी से गुजर रहे हैं और उन्हें अधिकारियों से हर संभव सहायता मिलनी चाहिए। उन्होंने मंत्रालय और दूतावास से आग्रह किया कि शवों को जल्द से जल्द उनके पैतृक स्थान पर वापस लाया जाए, ताकि परिवार अपने रीति-रिवाजों, परंपराओं और धार्मिक मान्यताओं के अनुसार सम्मानपूर्वक अंतिम संस्कार कर सकें।
Live Halchal Latest News, Updated News, Hindi News Portal