देहरादून में झमाझम बरसे मेघ, कई जिलों में बारिश के साथ ओलावृष्टि का ऑरेंज अलर्ट

राजधानी देहरादून में सुबह से बारिश हो रही है। मौसम विज्ञान केंद्र की ओर से जारी पूर्वानुमान के अनुसार उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिले के कुछ इलाकों में ओलावृष्टि का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इसके अलावा अन्य पर्वतीय जिलों के साथ मैदानी इलाकों में बिजली चमकने और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तूफान चलने का येलो अलर्ट जारी किया गया है। इसका सीधा असर तापमान पर देखने को मिलेगा जिससे गर्मी से राहत मिलने के आसार हैं।

मानसून को लेकर विभागों ने तैयारी शुरू की
मानसून के मद्देनजर विभागों ने तैयारी शुरू कर दी है। लोक निर्माण विभाग ने भूस्खलन की दृष्टि से संवेदनशील जगहों पर जेसीबी तैनात करने को टेंडर की प्रक्रिया शुरू की है। वहीं, आपदा प्रबंधन विभाग मौसम से संबंधी चेतावनी को क्षेत्रवार ब्राडकास्ट मैसेज के माध्यम से जारी करेगा।

मानसून के समय भूस्खलन होने से मार्ग बंद होने की स्थिति आती है, इसके मद्देनजर लोनिवि विभाग के अलावा निजी क्षेत्र के सहयोग से जेसीबी को तैनात करता है। लोनिवि विभागाध्यक्ष राजेश चंद्र शर्मा बताते हैं कि वर्तमान में ही चारधाम रूट पर 125 जेसीबी को तैनात किया गया है। इसमें 22 विभागीय जेसीबी है। मानसून के मद्देनजर करीब तीन सौ तक जेसीबी विभिन्न जगहों पर तैनात की जाती है, जिनकी आवश्यकता पड़ने पर संख्या को बढ़ाया जाता है। इसके लिए टेंडर प्रक्रिया को शुरू किया गया है। इसके साथ ही ड्रेनेज और कल्वर्ट की सफाई का काम भी शुरू किया गया है।

नौ को सीएम कर सकते बैठक
मानसून से जुड़ी तैयारियों के मद्देनजर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी आपदा प्रबंधन विभाग के साथ नौ जून को बैठक कर सकते हैं। वहीं, आपदा प्रबंधन विभाग लोगों को मौसम से जुड़ी सूचना, चेतावनी देेने के लिए ब्राडकास्ट मैसेज देगा। सचिव आपदा प्रबंधन विनोद कुमार सुमन ने बताया कि यह मैसेज क्षेत्रवार भेजे जाएंगे। इसके साथ ही राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र में विभिन्न विभागों के नोडल अधिकारी 24 घंटे तैनात होते हैं, यह प्रक्रिया 15 जून से शुरू हो जाएगी।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com