भाजपा अध्यक्ष नितिन नबीन ने टपकेश्वर मंदिर में दर्शन किए। उन्होंने बूथ अध्यक्ष किशोर कुमार के घर जलपान किया। बैठकों में अनुशासन व एकजुटता का संदेश दिया। विधायकों को धरातल पर काम करने को कहा।
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने अपने तीन दिवसीय उत्तराखंड प्रवास के तीसरे दिन ऐतिहासिक टपकेश्वर मंदिर में दर्शन किए। मंदिर में पहुंचते ही उनका भव्य स्वागत हुआ। मंदिर में पूजा अर्चना कर राष्ट्रीय अध्यक्ष ने जलाभिषेक किया। इसके बाद आरती की। आरती कर उन्होंने मंदिर का भ्रमण भी किया।
इसके बाद टपकेश्वर मंदिर के महंत कृष्णा गिरी महाराज और दिगंबर भरत गिरी ने उन्हें टपकेश्वर महादेव का चित्र भेंट किया। टपकेश्वर मंदिर में दर्शन के बाद राष्ट्रीय अध्यक्ष गढ़ी कैंट में ही बूथ अध्यक्ष किशोर कुमार के घर पहुंचे। यहां उन्होंने सबसे पहले बूथ अध्यक्ष और उनके परिवार से मुलाकात की। इसके बाद घर पहुंचकर राष्ट्रीय अध्यक्ष ने बूथ अध्यक्ष के घर जलपान किया।
इससे पहले शुक्रवार को प्रवास के दूसरे दिन सांसद, विधायकों, पदाधिकारियों, महापौर की बैठकों में जहां कमियां गिनाईं, वहीं सीधे संदेश भी दे दिया कि अनुशासन व एकजुटता से राज्य में फिर भाजपा की सरकार बनानी है। दिनभर चली बैठकों में नवीन हर विधानसभा सीट से लेकर बूथों तक की जमीनी रिपोर्ट लेकर पहुंचे थे। जहां किसी ने गलत जानकारी दी तो उसे तुरंत टोक भी दिया।
राजपुर रोड स्थित एक होटल में नवीन ने सांसद व विधायकों की बैठक ली। हर विधायक, सांसद की बात सुनी। सामने उम्र में उनसे बड़े तमाम सांसद व विधायक थे। अध्यक्ष ने कुशल नेतृत्वकर्ता की भांति इशारों-इशारों में सबकी कमियां गिनाईं। विवादों पर अपना रुख भी स्पष्ट किया। पहले से रेकी करके पहुंचे नवीन ने यह संदेश दे दिया कि एकजुटता से ही जीत की हैट्रिक लगेगी। यह भी साफ कर दिया कि घर की बात कमरे के भीतर ही रहनी चाहिए, सोशल मीडिया पर नहीं जानी चाहिए। विधायकों को धरातल पर काम करने का संदेश दिया तो पार्टी अनुशासन का पाठ भी पढ़ाया।
23 हारी सीटों पर जीत की जिम्मेदारी सांसदों को
पिछले चुनाव में भाजपा जिन 23 विधानसभा सीटों पर हारी थी, उन पर भी राष्ट्रीय अध्यक्ष गंभीर नजर आए। उन्होंने स्पष्ट किया कि इन सीटों पर जीत का दारोमदार राज्यसभा व लोकसभा सांसदों का होगा। संगठन की ओर से भी यहां पूर्णकालिक कार्यकर्ता तैनात किए जाएंगे। 2022 के चुनाव में भाजपा यमुनोत्री, बदरीनाथ, प्रतापनगर, चकराता, ज्वालापुर, भगवानपुर, झबरेड़ा, पिरान कलियर, खानपुर, मंगलौर, लक्सर, हरिद्वार ग्रामीण, धारचूला, पिथौरागढ़, द्वाराहाट, अल्मोड़ा, लोहाघाट, हल्द्वानी, जसपुर, बाजपुर, किच्छा, नानकमत्ता और खटीमा विधानसभा सीट पर हारी थी।
Live Halchal Latest News, Updated News, Hindi News Portal