हिसार में रोडवेज कर्मचारियों ने मांगों को लेकर बंद किया डिपो का मेन गेट

हिसार में संझा संघर्ष समिति के आह्वान पर आज रोडवेज कर्मचारियों ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर हिसार रोडवेज डिपो के मेन गेट पर जोरदार प्रदर्शन किया। कर्मचारियों ने सुबह 10 बजे से डिपो का मुख्य गेट बंद रखा, जिसके चलते न कोई बस बाहर जा सकी और न ही अंदर आ पाई। अचानक बस संचालन प्रभावित होने से यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।

प्रदर्शन कर रहे कर्मचारियों का कहना है कि वे पिछले 11 दिनों से अपनी 15 सूत्रीय मांगों को लेकर धरने पर बैठे हुए हैं, लेकिन अब तक उनकी मांगों पर कोई समाधान नहीं हुआ। कर्मचारियों ने पहले ही चेतावनी दी थी कि यदि उनकी मांगें जल्द पूरी नहीं की गईं तो 25 मई को डिपो का मेन गेट बंद किया जाएगा। आज उसी घोषणा के तहत कर्मचारियों ने प्रदर्शन करते हुए गेट बंद कर दिया। कर्मचारी नेताओं ने बताया कि उनकी 15 सूत्रीय मांगों का ज्ञापन पहले ही हिसार जीएम को सौंपा जा चुका है, लेकिन प्रशासन की ओर से कोई सकारात्मक कार्रवाई नहीं हुई। कर्मचारियों में इसे लेकर भारी रोष है।

कर्मचारियों ने कहा कि “हम लगातार 11 दिन से धरने पर बैठे हैं। हमारी मांगें बिल्कुल जायज हैं, लेकिन सरकार और विभाग कोई सुनवाई नहीं कर रहा। अगर जल्द समाधान नहीं हुआ तो 29 मई को पूरे प्रदेश के सभी डिपो पर 4 घंटे का धरना प्रदर्शन किया जाएगा। इसके बाद भी मांगें नहीं मानी गईं तो हिसार डिपो के चक्का जाम के साथ पूरे हरियाणा में भी बड़ा आंदोलन किया जा सकता है।”

जानें क्या हैं कर्मचारियों की मुख्य मांगें
37 महीने का लंबित टीए जारी करना
एलटीसी और मेडिकल बिलों का भुगतान
कच्चे कर्मचारियों को समय पर वेतन देना
वर्कशॉप में कर्मचारियों के लिए शेड की व्यवस्था करना शामिल है।

वहीं रोडवेज के पूर्व प्रधान राजपाल नैन ने भी कर्मचारियों के आंदोलन का समर्थन किया। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों की मांगें कोई बड़ी नहीं हैं और जीएम को तुरंत इन मांगों को मान लेना चाहिए। उन्होंने कहा कि रिटायर्ड कर्मचारी भी आंदोलन में रोडवेज कर्मचारियों के साथ खड़े हैं और मांगें पूरी होने तक उनका समर्थन जारी रहेगा। फिलहाल रोडवेज कर्मचारियों के प्रदर्शन के चलते हिसार डिपो में बसों का संचालन प्रभावित रहा और यात्रियों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com