राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु सोमवार को राष्ट्रपति भवन के गणतंत्र मंडप में आयोजित होने वाले 2026 के पहले नागरिक अलंकरण समारोह में 66 विभूतियों को पद्म पुरस्कार प्रदान करेंगी। इनमें से दो विभूतियों को पद्मविभूषण, छह हस्तियों को पद्मभूषण और 58 हस्तियों को पद्मश्री पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा।
इस समारोह में उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहेंगे।
131 पद्म पुरस्कार की मंजूरी
सूत्रों के अनुसार, शेष पद्म पुरस्कार बाद में आयोजित होने वाले समारोह में प्रदान किए जाएंगे। वर्ष 2026 के लिए राष्ट्रपति ने 131 पद्म पुरस्कार देने को मंजूरी दी है, जिनमें पांच पद्मविभूषण, 13 पद्मभूषण और 113 पद्म श्री पुरस्कार शामिल हैं।
गणतंत्र दिवस पर होती है पुरस्कारों की घोषणा
असाधारण योगदान देने वाले आम भारतीयों को सम्मानित करने के सिद्धांत को जारी रखते हुए, इस वर्ष देश के कोने-कोने से 45 ‘गुमनाम नायकों’ को भी पद्म पुरस्कारों से सम्मानित किया जाएगा। इन पुरस्कारों की घोषणा हर साल गणतंत्र दिवस के अवसर पर की जाती है।
पद्मविभूषण असाधारण और विशिष्ट सेवा के लिए, पद्मभूषण उच्च कोटि की विशिष्ट सेवा के लिए और पद्मश्री किसी भी क्षेत्र में विशिष्ट सेवा के लिए दिया जाता है।
Live Halchal Latest News, Updated News, Hindi News Portal