आसमान से बरस रही आग: भीषण गर्मी की चपेट में उत्तर भारत

पूरा उत्तर भारत इन दिनों भीषण गर्मी और लू की मार झेल रहा है। उत्तर प्रदेश का बांदा लगातार चौथे दिन दुनिया के सबसे गर्म शहरों में शामिल रहा। बुधवार को यहां तापमान 48 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। एक दिन पहले मंगलवार को 48.2 डिग्री सेल्सियस रहा था।

कई स्थानों पर भीषण लू का अलर्ट

क्षेत्रीय मौसम विभाग ने अगले एक सप्ताह के लिए कई स्थानों पर भीषण लू का अलर्ट जारी किया है। अगले तीन दिनों के लिए ‘येलो’ और उसके बाद ‘ऑरेंज’ अलर्ट जारी किया गया है।

स्काईमेट वेदर के उपाध्यक्ष महेश पलावत के मुताबिक, पिछले कुछ दिनों से उत्तर-पश्चिमी हवा राजस्थान के थार रेगिस्तान और मध्य पाकिस्तान के हिस्सों से दिल्ली की ओर आ रही है।

शुष्क क्षेत्रों से गुजरते हुए यह हवा दिल्ली पहुंचते-पहुंचते और शुष्क हो जाती है। रात का पारा भी अधिक बना हुआ है। जमीन को संचित गर्मी छोड़ने के लिए पर्याप्त समय नहीं मिल पाता, जिससे रातें लगातार गर्म रहती हैं। अगले सप्ताह तक कमोबेश यही स्थिति बनी रहेगी।

तापमान 45 डिग्री सेल्सियस पार

उत्तर प्रदेश में हालत यह है कि बुंदेलखंड से लेकर पूर्वांचल और मध्य एवं पश्चिमी यूपी तक आसमान से आग बरस रही है। एक दर्जन से अधिक जिलों में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस पार कर चुका है।

लखनऊ, प्रयागराज, झांसी, हमीरपुर, चित्रकूट, आगरा, कानपुर, वाराणसी और फतेहपुर समेत कई जिलों में सुबह से ही तेज धूप और गर्म हवा की वजह से बाहर निकलना दूभर हो रहा है। गुरुवार और शुक्रवार को 11 जिलों में लू को लेकर रेड अलर्ट जारी किया गया है।

दिल्ली में रिज बेस स्टेशन पर अधिकतम तापमान 45.8, हरियाणा के रोहतक में 46.9 तो पंजाब के बठिंडा में 46.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। राजस्थान में श्रीगंगानगर 46.5 डिग्री सेल्सियस के साथ सबसे गर्म रहा।

पहाड़ भी गर्मी के साथ लू की चपेट में

मैदान के साथ पहाड़ भी गर्मी के साथ लू की चपेट में हैं। जम्मू-कश्मीर में पारा तेजी से बढ़ रहा है। कठुआ में अधिकतम तापमान 44.6 तो हिमाचल प्रदेश के ऊना में 44 डिग्री पहुंच गया।

शिमला में 30.5 डिग्री सेल्सियस तापमान के साथ मौसम का सबसे गर्म दिन रहा। उत्तराखंड के मैदानी क्षेत्रों में गर्मी से जनजीवन बेहाल है। देहरादून समेत ज्यादातर क्षेत्रों में पारा 40 डिग्री सेल्सियस से अधिक पहुंच गया।

ओडिशा में भीषण गर्मी, बंगाल में बढ़ी उमस

प्रेट्र के अनुसार, पूर्वी भारत में बंगाल में बुधवार की सुबह उमस भरी गर्मी रही। कोलकाता में न्यूनतम तापमान 28.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से दो डिग्री ज्यादा था। ओडिशा के झारसुगुड़ा में 46 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।

ओडिशा भीषण गर्मी की चपेट में है। बुधवार को औद्योगिक शहर झारसुगुड़ा में पारा चढ़कर 46 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। तेलंगाना में भी तापमान में तेजी से बढ़ोतरी हुई। जगतियाल जिले के ऐलापुर में 45.9 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।

इस बार नौतपा भी बनाएगा नया रिकॉर्ड

सोमवार 25 मई से सूर्य रोहिणी नक्षत्र में प्रवेश कर जाएगा और 15 दिनों तक इसमें रहेगा, लेकिन शुरुआती नौ दिनों को नौतपा कहा जाता है। कहा जाता है कि इस दिनों सूर्य सबसे अधिक बलवान रहता है। हालांकि सूर्य रोहिणी नक्षत्र में 15 दिनों तक रहता है लेकिन नौतपा शुरुआती नौ दिनों को ही कहा जाता है। इस बार नौतपा गर्मी के नए रिकार्ड बना सकता है।

बड़ी संख्या में बीमार पड़ रहे लोग

भीषण गर्मी का असर स्वास्थ्य सेवाओं पर भी दिखाई देने लगा है। सरकारी और निजी अस्पतालों में हीट स्ट्रोक, डिहाइड्रेशन, उल्टी-दस्त, चक्कर और बेहोशी के मरीजों की संख्या में तेजी से वृद्धि हो रही है।

डॉक्टरों ने बुजुर्गों, बच्चों और पहले से बीमार लोगों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है। बिजली और पानी की मांग में भी रिकॉर्ड बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। लोगों को दोपहर 12 बजे से शाम चार बजे तक घर से बाहर न निकलने की सलाह दी है।

प्रमुख स्थानों का तापमान

रोहतक-46.9
प्रयागराज- 46.4
दिल्ली- 45.8
बठिंडा- 46
कटड़ा- 44.6
श्रीगंगानगर– 46.5

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com