पाकिस्तान महिला क्रिकेट टीम की कप्तान फातिमा सना ने जिम्बाब्वे के खिलाफ खेले गए तीसरे टी20 मैच में वो काम कर दिया जो बाबर आजम, मोहम्मद रिजवान जैसे बल्लेबाज भी पाकिस्तान के लिए नहीं कर सके। फातिमा ने इस मैच में महज 15 गेंदों पर अर्धशतक जमाया है और अपना नाम रिकॉर्ड बुक में दर्ज कराया।
ये महिला टी20 इंटरनेशनल में किसी भी बल्लेबाज द्वारा बनाया गया सबसे तेज अर्धशतक है। इससे पहले ये रिकॉर्ड न्यूजीलैंड की सोफी डिवाइन और ऋचा घोष के नाम था जिन्होंने 18-18 गेंदों पर फिफ्टी बनाई थी।
बना दिया वर्ल्ड रिकॉर्ड
फातिमा ने इंटरनेशनल क्रिकेट में तो नया रिकॉर्ड कायम किया है। साथ ही वह महिला टी20 क्रिकेट में संयुक्त रूप से सबसे तेज फिफ्टी लगाने वाली खिलाड़ी भी बन गई हैं। मेरी केली ने साल 2022 में वार्विकशर के लिए खेलते हुए 15 गेंदों पर फिफ्टी बनाई थी। लॉरा हैरिस ने साल 2025 में न्यूजीलैंड की सुपर स्मैश लीग में ओटागो के लिए खेलते हुए यही काम किया था।
वहीं फातिमा से पहले पाकिस्तान के लिए महिला इंटरनेशनल टी20 में सबसे तेज फिफ्टी का रिकॉर्ड निदा दार के नाम था जिन्होंने 2019 में साउथ अफ्रीका के खिलाफ 20 गेंदों पर फिफ्टी लगाई थी। पाकिस्तान में बाबर आजम और मोहम्मद रिजवान को बड़ा बल्लेबाज माना जाता है, लेकिन ये दोनों भी अभी तक टी20 में 15 गेंदों पर 50 रन बनाने का कमाल नहीं कर सके।
पाकिस्तान ने जीता मैच
फातिमा ने इस मैच में 19 गेंदों पर 10 चौके और दो छक्कों की मदद से नाबाद 62 रनों की पारी खेली उनके अलावा सायरा जबीन ने 32 गेंदों पर 50 रन बनाए। इन पारियों के दम पर पाकिस्तान ने पहले बल्लेबाजी करते हुए चार विकेट खोकर 223 रन बनाए। जिम्बाब्वे की टीम 17.1 ओवरों में 90 रनों पर ढेर हो गई। पाकिस्तान ने ये मैच 133 रनों से अपने नाम किया।
Live Halchal Latest News, Updated News, Hindi News Portal