मुमताज (Mumtaz) को इंडस्ट्री की चुलबुली और खूबसूरत एक्ट्रेस के तौर पर जाना जाता है। मुमताज का करियर बहुत संघर्षपूर्ण रहा। उन्हें शुरुआत में एक स्टंट एक्ट्रेस के तौर पर जाना जाता था।
लेकिन बाद में एक्ट्रेस ने कुछ टॉप के स्टार्स के साथ काम करके अपने आत्मविश्वास के दम पर इन सभी धारणाओं को तोड़ दिया। 70 के दशक में मुमताज को फिल्म इंडस्ट्री का ‘लकी चार्म’ माना जाता था। वे जिस फिल्म का हिस्सा होती थीं, उसका म्यूजिक और बॉक्स ऑफिस कलेक्शन अपने आप भी शानदार हो जाते थे।
फिल्म दो रास्ते का एवरग्रीन गाना
आज हम आपको मुमताज के 57 साल पुराने ऐसे ही एक रोमांटिक गाने के बारे में बताने जा रहे हैं जो प्यार के रिश्ते में और मिठास घोलने का काम करते हैं। मुमताज एक बेहतरीन डांसर थीं। उन पर फिल्माया गया गाना ‘बिंदिया चमकेगी’ (Bindiya Chamkegi Choodi Khankegi) जब रिलीज हुआ तो लोगों की स्क्रीन से नजर ही नहीं हटी।
यह गाना उस दौर के सबसे ज्यादा पसंद किए जाने वाले गानों में से एक बन गया। बिंदिया चमकेगी चूड़ी खनकेगी गाना साल 1969 की ब्लॉकबस्टर फिल्म ‘दो रास्ते’ (Do Raaste) का है। यह गाना आज भी शादियों और उत्सवों की जान है और संगीत पार्टी में बजाया जाता है। यह गाना राजेश खन्ना और मुमताज पर फिल्माया गया है। दोनों की केमिस्ट्री को इसमें खूब पसंद किया गया था। इस गाने को लता मंगेशकर (Lata Mangeshkar) ने अपनी आवाज से सजाया है।
लता जी ने पहले क्यों किया था मना?
लता मंगेशकर गानों को लेकर बहुत चूजी थीं। वह वो गाना बिल्कुल नहीं गाती थीं जो उनकी स्टाइल से मैच ना खाता हो। कहा जाता है कि जब संगीतकार लक्ष्मीकांत-प्यारेलाल ने लता जी को यह गाना सुनाया, तो उन्हें लगा कि यह उनके स्तर के हिसाब से थोड़ा ‘हल्का’ या बहुत कॉमर्शियल है। हालांकि, रिकॉर्डिंग के दौरान उन्होंने इसमें ऐसी जान फूंकी कि यह उनके सबसे यादगार गीतों में शामिल हो गया। गाने के बीच में उनकी हंसी और खिलखिलाहट बिल्कुल नेचुरल थी।
लता मंगेशकर को इस गाने के लिए बेस्ट फीमेल प्लेबैक सिंगर के फिल्मफेयर अवॉर्ड्स के लिए नॉमिनेट किया था। इसी गाने के बाद मुमताज की नारंगी रंग की साड़ी इतनी फेमस हुई कि लोग ऐसी साड़ी की तलाश मार्केट में करने लगे।
Live Halchal Latest News, Updated News, Hindi News Portal