ऑपरेशन सिंदूर की पहली वर्षगांठ पर रविवार को कनॉट प्लेस सेंट्रल पार्क में ‘शौर्य दिवस’ मनाया गया। कार्यक्रम में सेना के साहस और बलिदान को याद करते हुए देशभक्ति का माहौल देखने को मिला। गायक आशीष कुलकर्णी ने देशभक्ति गीत प्रस्तुत किए, जिससे माहौल और जोशीला हो गया। ‘भारत माता की जय’ और ‘वंदे मातरम्’ के नारे भी गूंजते रहे।
दिल्ली सरकार की ओर से आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और कैबिनेट मंत्री कपिल मिश्रा सहित बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। मुख्यमंत्री ने भारतीय सेना के साहस और बलिदान को नमन करते हुए कहा कि देश की सुरक्षा और संप्रभुता से कोई समझौता नहीं किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर के जरिए भारत ने आतंकवाद को करारा जवाब दिया और दुनिया को साफ संदेश दिया कि देश अपनी रक्षा के लिए हर कदम उठाने को तैयार है। मुख्यमंत्री ने 22 अप्रैल के आतंकी हमले का जिक्र करते हुए कहा कि इस घटना ने पूरे देश को झकझोर दिया था। उन्होंने कहा कि देश एकजुट हुआ और सख्त कार्रवाई के जरिए आतंकियों को जवाब दिया गया।
उन्होंने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर सिर्फ एक सैन्य कार्रवाई नहीं, बल्कि 140 करोड़ भारतीयों के सम्मान और भावनाओं का प्रतीक है। मंत्री कपिल मिश्रा ने कहा कि भारत शांति चाहता है लेकिन किसी भी चुनौती का जवाब देना भी जानता है।
Live Halchal Latest News, Updated News, Hindi News Portal