इस रेसिपी को आजमाएंगे तो बार-बार खाने का करेगा मन

भिंडी की साधारण सूखी सब्जी तो हम सभी के घरों में अक्सर बनती ही है, लेकिन जब हम हाइवे के किनारे किसी ढाबे पर रुकते हैं, तो वहां की मसालेदार और चटपटी ‘दही भिंडी’ का स्वाद ही कुछ और होता है। ढाबे वाली उस ग्रेवी में एक खास तरह का तीखापन और दही की हल्की सी खटास होती है, जो सादी सी रोटी या पराठे का मजा दोगुना कर देती है।

अगर आप भी वही ढाबे वाला असली स्वाद अपने घर की रसोई में लाना चाहते हैं, तो यह रेसिपी खास आपके लिए है। इसे बनाना बेहद आसान है और यकीन मानिए, जो भी इसे खाएगा, वह आपकी तारीफ करते नहीं थकेगा।

दही भिंडी बनाने के लिए जरूरी सामग्री
भिंडी को फ्राई करने के लिए:

250 ग्राम ताजी भिंडी (अच्छी तरह धोकर, पोंछकर और 1-1 इंच के टुकड़ों में कटी हुई)
2 सरसों का तेल

ग्रेवी बनाने के लिए:
1 कप गाढ़ा दही (ताजा और अच्छे से फेंटा हुआ)
1 बड़ा प्याज (बिल्कुल बारीक कटा हुआ)
1 बड़ा टमाटर (कद्दूकस किया हुआ या मिक्सी में पीसा हुआ)
1 चम्मच अदरक-लहसुन का पेस्ट
1 चम्मच बेसन
आधा चम्मच जीरा और 1 चुटकी हींग
सूखे मसाले: 1 चम्मच धनिया पाउडर, आधा चम्मच हल्दी पाउडर, 1 चम्मच कश्मीरी लाल मिर्च पाउडर, और आधा चम्मच गरम मसाला।
नमक स्वादानुसार
2-3 बड़े चम्मच तेल
गार्निश के लिए थोड़ा-सा हरा धनिया

दही भिंडी बनाने की विधि
भिंडी को फ्राई करें

सबसे पहले एक पैन में 2 चम्मच तेल गरम करें। इसमें कटी हुई भिंडी डालें और मध्यम आंच पर 5 से 7 मिनट तक भूनें। भिंडी को तब तक पकाना है जब तक उसका चिपचिपापन खत्म न हो जाए और उस पर हल्की सुनहरी परत न आ जाए। फ्राई होने के बाद भिंडी को एक प्लेट में निकालकर अलग रख लें।

दही का मैजिक मसाला तैयार करें
एक कटोरी में फेंटा हुआ दही लें। अब इस दही में धनिया पाउडर, हल्दी, लाल मिर्च पाउडर और एक चम्मच बेसन डाल दें। इन सभी चीजों को दही में अच्छी तरह मिला लें। इस तरह पहले से मसाला मिलाने से जब आप दही को गर्म तेल में डालेंगे, तो वह फटेगा नहीं।

मसाले और प्याज को भूनें
अब एक कड़ाही में तेल गरम करें। उसमें जीरा और हींग डालें। जीरा चटकने के बाद बारीक कटा प्याज डाल दें। प्याज को तब तक भूनें जब तक वह अच्छे से सुनहरा न हो जाए। इसके बाद अदरक-लहसुन का पेस्ट डालें और 1 मिनट तक और पकाएं ताकि इसका कच्चापन निकल जाए।

टमाटर का तड़का
अब कड़ाही में पिसा हुआ टमाटर डाल दें और साथ ही स्वादानुसार नमक भी मिला दें (नमक डालने से टमाटर जल्दी पकता है)। इसे तब तक पकाएं जब तक कि मसाला किनारों से तेल न छोड़ने लगे।

दही वाला पेस्ट मिलाएं
अब गैस की आंच को बिल्कुल धीमा कर दें। कड़ाही में वह दही वाला मसालों का पेस्ट डालें और लगातार चम्मच से चलाते रहें। इसे तब तक चलाना है जब तक कि ग्रेवी में उबाल न आ जाए। जब ग्रेवी पककर गाढ़ी हो जाए और तेल ऊपर तैरने लगे, तो जरूरत के अनुसार आधा कप पानी डाल दें।

भिंडी और गरम मसाले का कॉम्बिनेशन
ग्रेवी में उबाल आने के बाद, इसमें पहले से फ्राई करके रखी हुई भिंडी डाल दें। ऊपर से गरम मसाला छिड़कें और अच्छी तरह मिला लें। अब कढ़ाई को ढक दें और धीमी आंच पर 4-5 मिनट तक पकने दें ताकि भिंडी के अंदर मसालों का पूरा स्वाद चला जाए।

भिंडी को काटने से पहले उसे धोकर सूती कपड़े से अच्छी तरह सुखा लें। अगर भिंडी में थोड़ा भी पानी रह गया, तो वह पकाते समय बहुत चिपचिपी हो जाएगी और सब्जी का मजा खराब हो जाएगा।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com