लखनऊ और अवध के कई जिलों में गुरुवार की सुबह एक बार फिर से मौसम में बदलाव हुआ। लखनऊ में सुबह चार बजे से आंधी के साथ बरसात शुरू हुई। लगभग पूरे शहर में कहीं कम तो कहीं ज्यादा बरसात हुई। बारिश के साथ बिजली चमकने और बादलों के गरजने का क्रम जारी रहा।
दूसरी तरफ मौसम विभाग के अनुसार उत्तर प्रदेश में गर्मी दोबारा वापसी के लिए तैयार है। विभाग के मुताबिक यूपी में विक्षोभ कमजोर पड़ा है और बुधवार को सिर्फ सिद्धार्थनगर आदि तराई इलाकों में बूंदाबांदी हुई। बृहस्पतिवार से प्रदेश में बारिश का दायरा सिमट जाएगा और तापमान में क्रमश: बढ़ोतरी दर्ज होगी। साथ ही हवा में नमी की माैजूदगी की वजह से उमस भरी गर्मी में इजाफा होगा। बृहस्पतिवार के लिए कहीं भी आंधी या बारिश की कोई चेतावनी नहीं है।
बुधवार को 38 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान के साथ बांदा प्रदेश में सर्वाधिक गर्म रहा। वहीं उरई में 37.2 डिग्री और झांसी में 36.9 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज हुआ। 16 डिग्री के साथ नजीबाबादी में सबसे ठंडी रात रही। आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र, लखनऊ के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि बृहस्पतिवार को तराई और दक्षिणी जिलों में हल्की बूंदाबांदी संभावित है। शुक्रवार से बारिश थमने के बाद अगले सात दिनों में तापमान में 8 से 10 डिग्री तक की बढ़त आएगी।
आज पूरे दिन बरसात की उम्मीद
राजधानी के मौसम में उतार-चढ़ाव जारी है। बूंदाबांदी और हवाओं ने मंगलवार को राहत दी तो बुधवार को दिन चढ़ने के साथ धूप खिली और पारे में 5.3 डिग्री का उछाल आया। मौसम विभाग ने बृहस्पतिवार को गरज-चमक के साथ हल्की बूंदाबांदी के संकेत जताए हैं। इसके बाद हवा में मौजूद नमी के कारण उमस भरी गर्मी फिर परेशान करेगी।
आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि बृहस्पतिवार को हल्की बूंदाबांदी संभावित है। फिर शुक्रवार से विक्षोभ कमजोर पड़ेगा। बारिश थमने के बाद अगले सात दिनों में तापमान में 7 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़त आएगी। बुधवार को अधिकतम तापमान 5.3 डिग्री की बढ़ोतरी के साथ 33.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। न्यूनतम पारा 0.8 डिग्री की बढ़त के साथ 21 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ।
Live Halchal Latest News, Updated News, Hindi News Portal