गुजरात टाइटंस ने अंतिम ओवर तक चले रोमांचक मुकाबले में पंजाब किंग्स को हराकर अहम जीत दर्ज की। अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में जेसन होल्डर (4/24), कगिसो रबादा (2/22) और मोहम्मद सिराज (2/28) की तेज गेंदबाजी तिकड़ी की शानदार गेंदबाजी के दम पर गुजरात ने पहले पंजाब किंग्स को 163 रन के स्कोर पर रोका और फिर साई सुदर्शन (57) और वाशिंगटन सुंदर (40*) की संयमित पारियों के दम पर चार विकेट से मैच अपने नाम किया।
IPL 2026 playoffs Scenario: गुजरात की मजबूत पकड़
गुजरात ने पावरप्ले में ही एक विकेट पर 58 रन बना लिए थे और वह आसान जीत की ओर से बढ़ रही थी, लेकिन पंजाब के गेंदबाजों ने लगातार विकेट झटक कर गुजरात पर दबाव बनाया और मैच को अंतिम ओवर तक खींच कर ले गए।
अंतिम ओवर में गुजरात को जीत के लिए 11 रन चाहिए थे और ऐसे में सुंदर ने मार्कस स्टोइनिस की गेंद पर छक्का लगाकर टीम को जीत दिला दी। इस जीत के साथ ही अब गुजरात की टीम के 10 मैचों के बाद 12 अंक हो गए हैं और वह प्लेऑफ की दौड़ में आ गई है।
आरसीबी, सनराइजर्स हैदराबाद और राजस्थान रॉयल्स के भी 12-12 अंक हैं, लेकिन रनरेट में पिछड़ने के कारण गुजरात अभी पांचवें स्थान पर बनी हुई हैं। वहीं लगातार सात मैचों में अजेय रहने वाली पंजाब की यह लगातार दूसरी हार है। हालांकि वह अब भी 13 अंक के साथ पहले स्थान पर बनी हुई है।
गिल का बल्ला नहीं चला
लक्ष्य का पीछा करते हुए गुजरात की शुरुआत अच्छी नहीं रही और कप्तान शुभमन गिल जल्दी आउट हो गए। इसके बाद सुदर्शन ने जिम्मेदारी संभाली और जोस बटलर (25) के साथ दूसरे विकेट के लिए 53 रन की साझेदारी की। बटलर ने आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए कुछ शानदार शॉट लगाए, लेकिन वह ज्यादा देर टिक नहीं सके। सुदर्शन ने पारी को संभाले रखा और 37 गेंदों में इस सीजन का अपना तीसरा अर्धशतक पूरा किया। हालांकि, वह भी बड़ा स्कोर बनाने से पहले आउट हो गए, जिससे मुकाबला आखिरी ओवर तक पहुंच गया।
बिखर गई पंजाब की बल्लेबाजी
अब तक बल्लेबाजी इकाई के रूप में जबरदस्त प्रदर्शन करने वाली पंजाब किंग्स की टीम एकदम बिखरी नजर आई। सिराज, होल्डर और कगिसो रबादा की धारदार गेंदबाजी ने पंजाब की बल्लेबाजी की कमर तोड़ दी। सिराज ने पहले ही ओवर में लगातार दो गेंदों पर प्रियांश आर्य और कूपर कोनोली को आउट कर पंजाब को बैकफुट पर धकेल दिया। इसके बाद रबादा की तेज रफ्तार गेंदबाजी ने दबाव और बढ़ा दिया।
प्रभसिमरन सिंह भी उनकी 152 किमी प्रति घंटे की गेंद का सामना नहीं कर सके और कैच देकर पवेलियन लौट गए। होल्डर ने अपनी सटीक लाइन-लेंथ से नेहाल वढेरा और कप्तान श्रेयस अय्यर को आउट कर पंजाब को पूरी तरह संकट में डाल दिया। इस मुश्किल परिस्थिति में सूर्यांश शेडगे ने शानदार संयम और समझदारी से बल्लेबाजी की।
उन्होंने 29 गेंदों में 57 रन की बेहतरीन पारी खेली और स्टोइनिस (40) के साथ छठे विकेट के लिए 79 रन की अहम साझेदारी कर टीम को संभाला। खास तौर पर 14वें ओवर में उन्होंने मानव सुथार की गेंदबाजी पर 26 रन बटोरते हुए लगातार बड़े शाट लगाए और सिर्फ 24 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया। हालांकि, इसके तुरंत बाद वह रबादा की गेंद पर विकेटकीपर के हाथों कैच हो गए, जिससे पंजाब की वापसी की उम्मीदों को झटका लगा।
Live Halchal Latest News, Updated News, Hindi News Portal