आजादपुर में सीएम गुप्ता का निरीक्षण, इंटरचेंज हब पूरा करने के निर्देश

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सोमवार को आजादपुर के पास गुप्ता मार्केट, आजादपुर चौक और त्रिपोलिया चौक के साथ-साथ आसपास के इलाकों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने दिल्ली मेट्रो और लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के चल रहे विकास कार्यों का जायजा लिया और अधिकारियों से प्रगति रिपोर्ट तलब की। काम में देरी, अव्यवस्था और खराब स्वच्छता व्यवस्था को देखकर मुख्यमंत्री ने कड़ी नाराजगी जताई और अधिकारियों को फटकार लगाई।

उन्होंने कहा कि विकास कार्यों में लापरवाही बिल्कुल बर्दाश्त नहीं की जाएगी और अब काम केवल कागजों में नहीं, बल्कि जमीन पर दिखाई देना चाहिए। मुख्यमंत्री ने सभी संबंधित विभागों को सख्त निर्देश दिए कि कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाए और किसी भी तरह की ढिलाई न बरती जाए। यह सुनिश्चित किया जाए कि काम के दौरान लोगों की आवाजाही, सुरक्षा और सुविधाओं पर कोई असर न पड़े।

मुख्यमंत्री ने पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों को आदेश दिया कि आजादपुर, आदर्श नगर और त्रिपोलिया चौक में नए मास्टर प्लान के तहत ड्रेनेज सिस्टम का पुनर्निर्माण और नालों की तत्काल डीसिल्टिंग (गाद निकालना) सुनिश्चित की जाए। उन्होंने सड़कों की मरम्मत, गड्ढामुक्त रोड और फुटपाथों के सौंदर्यीकरण के माध्यम से पैदल यात्रियों के लिए सुगम व्यवस्था विकसित करने के निर्देश दिए।

सार्वजनिक स्थानों पर स्वच्छता, कूड़ा प्रबंधन और टूटे-फूटे ढांचों को तुरंत दुरुस्त करने पर जोर देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि सभी कार्यों की नियमित निगरानी की जाएगी। किसी भी स्तर पर लापरवाही मिलने पर संबंधित अधिकारियों की सीधी जवाबदेही तय होगी। मुख्यमंत्री ने मेट्रो निर्माण कार्यों की तकनीकी और संरचनात्मक स्थिति की समीक्षा की।

आजादपुर चौक क्षेत्र में निर्माण कार्यों का जायजा लेते हुए उन्होंने पिलर्स (स्तंभों) की मजबूती और गुणवत्ता को परखा और किसी भी तरह की लापरवाही पर नाराजगी जताई। फुटपाथों पर बने पिलर्स को लेकर मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि निर्माण कार्य पूरा होते ही फुटपाथों को तुरंत पहले जैसी स्थिति में बहाल किया जाए।

साल अंत तक पूरा होगा मेट्रो का निर्माण कार्य
मुख्यमंत्री ने आजादपुर मेट्रो स्टेशन के निर्माण कार्यों की समीक्षा की, जिसे दिल्ली मेट्रो के सबसे महत्वपूर्ण इंटरचेंज हब के रूप में विकसित किया जा रहा है। यह स्टेशन यलो, पिंक और निर्माणाधीन मैजेंटा लाइन (फेज-4) के बीच एक प्रमुख कड़ी बनेगा, जिससे उत्तर दिल्ली की कनेक्टिविटी में बदलाव आएगा।

इंजीनियरिंग का बेजोड़ नमूना पेश करती यह परियोजना फाइव-लेवल इंफ्रास्ट्रक्चर पर आधारित है, जिसमें अंडरब्रिज, सड़क, रोड ओवरब्रिज और मेट्रो के विभिन्न स्तर शामिल हैं। जनकपुरी वेस्ट से आरके आश्रम मार्ग तक विस्तारित इस कॉरिडोर का निर्माण कार्य चल रहा है। मुख्यमंत्री ने इस वर्ष के अंत तक पूरा करने का लक्ष्य दिया है।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com