पंजाब किंग्स बीते दो सीजनों से दमदार खेल दिखा रही है। पिछले सीजन ये टीम उप-विजेता रही थी और बेहद करीब आकर खिताब से चूक गई थी। इस सीजन भी टीम ने अभी तक दमदार खेल दिखाया और इसकी एक वजह टीम के कप्तान श्रेयस अय्यर हैं। आईपीएल-2026 में अय्यर बल्ले से तो छा रहे हैं, गुरुवार को मुंबई इंडियंस के खिलाफ वह अपनी फील्डिंग से चर्चा का केंद्र बने हुए हैं।
पंजाब ने मुंबई को उसके घर में सात विकेट से मात दी। पहले बल्लेबाजी करते हुए मेजबान टीम ने छह विकेट खोकर 195 रन बनाए। पंजाब ने ये टारगेट 16.3 ओवरों में तीन विकेट खोकर हासिल कर लिया। कप्तान अय्यर ने 35 गेंदों पर पांच चौके और चार छक्कों की मदद से 66 रनों की पारी खेली। प्रभसिमरन सिंह ने 39 गेंदों पर 11 चौके और दो छक्कों की मदद से नाबाद 80 रन बना टीम को जीत दिलाई।
अय्यर का हैरतअंगेज कैच
मुंबई की टीम बड़े स्कोर की तरफ जाती दिख रही थी, लेकिन अंतिम ओवरों में उसके तूफानी बल्लेबाज कमाल नहीं कर सके। अर्शदीप सिंह ने विकेट लेने के साथ-साथ रनों पर अंकुश लगाया। कप्तान हार्दिक पांड्या तेजी से रन बनाने की कोशिश में आउट हुए। उनका विकेट मार्को यानसेन के खाते में गया। कॉलम में जेवियर बार्टलेट का नाम भी आया जिन्होंने कैच लपका, लेकिन इसमें सबसे अहम योगदान अय्यर का था।
18वां ओवर फेंक रहे यानसेन ने तीसरी गेंद ऑफ स्टम्प के बाहर फेंकी। पांड्या ने इसे बाहर से खीचंते हुए सामने की तरफ मारा। गेंद छह रनों को जा रही थी, लेकिन लॉग ऑन पर खड़े अय्यर ने पीछे की तरफ डाइव मार हवा में ही गेंद को लपक लिया। अय्यर को पता था कि वह बाउंड्री के बाहर गिरेंगे और ऐसे में उन्होंने तुरंत गेंद को बाउंड्री के अंदर फेंक दिया। वहां खड़े बार्टलेट ने कैच लिया और इसलिए उनका नाम इसमें शामिल हुआ और अय्यर का नहीं।
रोहित-सूर्या रह गए हैरान
लेकिन जिसने भी ये कैच देखा होगा वो जानता है कि अय्यर ने कितना करिश्माई कैच लपका है। भागते हुए पीछे की तरफ डाइव मारना। कैच लपकना और बाउंड्री के बाहर गिरने से पहले ही गेंद को अंदर फेंक देना, इसके लिए गजब की फिटनेस और अवेयरनेस चाहिए होती है जो अय्यर ने दिखाई।
अय्यर ने ये कैच मुंबई टीम के डगआउट के पास ही पकड़ा था और उनका कैच देख मुंबई का पूरा खेमा हैरान रह गया। रोहित शर्मा और सूर्यकुमार का जो रिएक्शन था वो बताता है कि अय्यर ने कितना बड़ा कमाल किया है।
Live Halchal Latest News, Updated News, Hindi News Portal