गर्मी बढ़ने के साथ-साथ हमारी पाचन शक्ति कम होने लगती है। तेज गर्मी के कारण भूख भी कम लगती है। ऐसे में ज्यादा ऑयली और मसाले वाला खाना खाने से सुस्ती और भारीपन महसूस होता है। इसलिए इस मौसम में हर कोई कुछ ऐसा खाना चाहता है, जो दिनभर एनर्जी दे और पेट को भी ठंडा रखे।
इसके लिए आप ब्रेकफास्ट में कुछ डिशेज बना सकते हैं, जो आपके पाचन को भी दुरुस्त रखेंगे और दिनभर थकान भी महसूस नहीं होगी। आइए जानें गर्मी के मौसम के लिए परफेक्ट ब्रेकफास्ट डिशेज।
दही-चूड़ा
बिहार और उत्तर प्रदेश के घरों में दही-चूड़ा गर्मियों का सबसे पसंदीदा नाश्ता है। दही प्रोबायोटिक से भरपूर होता है जो पाचन को दुरुस्त रखता है और शरीर को ठंडक देता है। चूड़ा कार्बोहाइड्रेट का अच्छा सोर्स है जो तुरंत एनर्जी देता है। चूड़े को धोकर भिगो दें, फिर इसमें ताजा दही और थोड़ा सा गुड़ या चीनी मिलाएं।
ओट्स और चिया पुडिंग
अगर आप सुबह की जल्दबाजी से बचना चाहते हैं, तो यह नाश्ता आपके लिए बेस्ट है। ओट्स में फाइबर ज्यादा होता है, जो पेट को देर तक भरा रखता है। चिया सीड्स ओमेगा-3 और हाइड्रेशन का अच्छा सोर्स हैं।
रात में एक जार में दूध, ओट्स और चिया सीड्स भिगोकर फ्रिज में रख दें। सुबह इसमें अपनी पसंद के कटे हुए फल और ड्राई फ्रूट्स डालकर खाएं।
मिक्स वेज पोहा
हल्का और आसानी से पचने वाला होने के कारण पोहा हर भारतीय किचन की पहली पसंद है। पोहा कार्बोहाइड्रेट्स का अच्छा सोर्स है। साथ ही, इसमें मिलाई गई मूंगफली और सब्जियां प्रोटीन और विटामिन्स का अच्छा सोर्स हैं। गर्मियों में आप इसमें नींबू की मात्रा बढ़ा सकते हैं, विटामिन-सी देता है और फ्रेश महसूस करवाता है।
रागी की अंबली
दक्षिण भारत का यह पारंपरिक ड्रिंक गर्मियों के लिए किसी सुपरफूड से कम नहीं है। रागी की तासीर ठंडी होती है और इसमें कैल्शियम की मात्रा बहुत ज्यादा होती है। रागी के आटे को पानी में पकाकर गाढ़ा घोल बना लें। जब यह ठंडा हो जाए, तो इसमें छाछ, थोड़ा नमक और बारीक कटा प्याज मिलाएं। यह नाश्ता आपको दोपहर तक हाइड्रेटेड रखेगा।
मूंग दाल चिल्ला
प्रोटीन से भरपूर नाश्ता चाहिए तो मूंग दाल का चिल्ला एक शानदार विकल्प है। मूंग दाल दूसरी दालों की तुलना में बहुत हल्की होती है और आसानी से पच जाती है। इसमें पनीर या कसी हुई सब्जियों की स्टफिंग करें और इसे पुदीने की चटनी के साथ खाएं। पुदीना शरीर को प्राकृतिक रूप से ठंडा रखने में मदद करता है।
Live Halchal Latest News, Updated News, Hindi News Portal