अजय देवगन की फिल्म ‘गोलमाल’ बॉलीवुड की एक बेहद सफल कॉमेडी फ्रेंचाइजी है। ‘गोलमाल’ फ्रेंचाइजी की पिछली चारों फिल्मों में कॉमेडी और एक्शन के साथ-साथ रोमांस भी कहानी का एक अहम हिस्सा रहा है।
रोहित शेट्टी के निर्देशन में बनने वाली इस फ्रेंचाइजी की 5वीं किश्त में जहां अक्षय कुमार की दमदार एंट्री हुई है, तो वहीं उनके आते ही फिल्म के लीड एक्टर अजय देवगन से रोहित शेट्टी ने एक बड़ा मौका छीन लिया है। क्या है वह मौका? आइए नीचे पढ़ते हैं पूरी डिटेल्स:
क्या अजय देवगन इस बार नहीं कर पाएंगे रोमांस?
रोहित शेट्टी की इस कॉमेडी फ्रेंचाइजी की ताकत जहां अजय देवगन, अरशद वारसी, तुषार कपूर, श्रेयस तलपड़े और शरमन जोशी रहे हैं, तो वहीं करीना कपूर से लेकर परिणीति चोपड़ा तक ने फिल्म में अपनी मौजूदगी से चार चांद लगाए हैं। अजय देवगन और करीना कपूर की जोड़ी ‘गोलमाल रिटर्न्स’ और ‘गोलमाल 3’ में काफी पसंद की गई थी। हालांकि, अब खबरें हैं कि ‘गोलमाल 5’ में लीड एक्टर के लिए कोई हीरोइन और रोमांटिक ट्रैक नहीं होगा।
मुंबई मनोरंजन संवाददाता की रिपोर्ट के मुताबिक, फिल्म में अभिनेत्री प्रियामणि तो हैं, लेकिन उनका अजय या फिल्म के किसी भी अन्य अभिनेता के साथ कोई रोमांटिक ट्रैक नहीं रखा गया है। हालांकि, मेकर्स की तरफ से एक्ट्रेस की कास्टिंग को लेकर अभी तक कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। इससे पहले ‘गोलमाल 5’ को लेकर खबरें थीं कि इसमें नायिका की भूमिका में करीना कपूर की वापसी हो सकती है, लेकिन इस पर भी मेकर्स ने अभी तक कोई मुहर नहीं लगाई है।
रोहित शेट्टी के बर्थडे पर शेयर किया गया था अक्षय का लुक
बीते महीने निर्देशक रोहित शेट्टी के जन्मदिन के खास मौके पर ‘गोलमाल 5’ से अक्षय कुमार का बाल्ड लुक सोशल मीडिया पर शेयर किया गया था, जो देखते ही देखते वायरल हो गया। काले रंग के कुर्ते और लुंगी के साथ आंखों पर चश्मा लगाए अक्षय कुमार के इस लुक ने फैंस को काफी इम्प्रेस किया था। रिपोर्ट्स की मानें तो वह ‘गोलमाल 5’ में विलेन की भूमिका निभाते नजर आएंगे।
आपको बता दें कि मेकर्स ने ‘गोलमाल 5’ की शूटिंग शुरू कर दी है। अक्षय के आते ही अजय देवगन से फिल्म में रोमांस करने का मौका तो छिन गया है, अब फिल्म की कहानी में और क्या-क्या बदलाव आते हैं, यह देखना दिलचस्प होगा। रोहित शेट्टी इस फिल्म को इसी साल यानी 2026 में ही रिलीज करने की प्लानिंग कर रहे हैं।
Live Halchal Latest News, Updated News, Hindi News Portal