खड़ी फसल पर मौसम की मार, दिल्ली से यूपी तक बारिश का कहर

उत्तर भारत में मौसम ने एक बार फिर करवट ली है, जिससे किसानों की चिंताएं बढ़ गई हैं। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग ने आज के लिए दिल्ली-NCR, उत्तर प्रदेश और पंजाब समेत देश के 19 राज्यों में तेज आंधी और बारिश का अलर्ट जारी किया है।

खड़ी फसलों को नुकसान

यह बेमौसम बारिश रबी की फसलों, खासकर गेहूं और सरसों, के लिए बेहद हानिकारक साबित हो रही है। तेज हवाओं और बारिश के कारण खेतों में खड़ी पकी फसलें जमीन पर बिछ गई हैं, जिससे उनके सड़ने और फफूंद लगने का खतरा बढ़ गया है।

दिल्ली समेत मैदानी इलाकों में अचानक बदला मौसम

दिल्ली और पंजाब समेत मैदानी इलाकों में मंगलवार को मौसम ने अचानक करवट ली। दिल्ली के कई हिस्सों में हल्की वर्षा रिकॉर्ड की गई। दोपहर बाद घने बादल छाने और बिजली कड़कने के साथ मौसम एकदम से बदल गया।

दिन में ही लोग गाड़ियों की लाइट जलाकर चलते हुए देखे गए। दिल्ली का अधिकतम तापमान 33.7 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 1.1 डिग्री अधिक था। हवा में नमी का स्तर 96 से 36 प्रतिशत दर्ज हुआ। पंजाब में कई जिलों में ओलावृष्टि के साथ वर्षा हुई।

कश्मीर में हिमस्खलन

कश्मीर के बारामुला में भारी बारिश के कारण पानी का स्तर अचानक बढ़ जाने से एक स्कूल हास्टल में फंसे 34 लोगों को सेना ने सुरक्षित निकाल लिया। इनमें 30 छात्र और चार शिक्षक शामिल है। जम्मू-कश्मीर में बर्फबारी के बाद फिसलन के कारण श्रीनगर-लेह व बांडीपोरा-गुरेज मार्ग पर मंगलवार तीसरे दिन भी यातायात बहाल नहीं हो पाया है।

कश्मीर की गुरेज घाटी में दोपहर को हिमस्खलन हुआ, लेकिन आसपास कोई आवासीय बस्ती नहीं होने के चलते जानमाल के नुकसान की सूचना नहीं है। उधर हिमाचल में बारालाचा, कुंजुम और रोहतांग दर्रा में मंगलवार को हल्का हिमपात हुआ, जबकि केलंग में पांच, चंबा में दो मिलीमीटर वर्षा हुई।

कश्मीर में तेज और मूसलाधार बारिश

कश्मीर में तेज और मूसलाधार बारिश के कारण रफियाबाद (बारामुला) के वतरगाम इलाके में एक नाले में पानी का स्तर अचानक बढ़ गया, जिससे एक स्थानीय स्कूल हास्टल में बाढ़ आ गई। इससे वहां स्कूली बच्चे और शिक्षक परिसर के अंदर फंस गए।

स्थानीय लोगों ने क्षेत्र में तैनात सेना की टुकड़ी से संपर्क किया, जिसने तुरंत मानवीय सहायता अभियान शुरू किया। चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों और खतरनाक रूप से ऊंचे जल स्तर के बावजूद टीमों ने फंसे हुए लोगों तक पहुंचने में सफलता पाई और सभी 34 लोगों को सुरक्षित निकाल लिया।

हिमाचल प्रदेश में हुआ हिमपात

हिमाचल प्रदेश में गोंदला व केलंग जैसे उच्च इलाकों में मंगलवार को हिमपात हुआ। बीआरओ ने 16580 फीट ऊंचे शिंकुला के रास्ते को बहाल कर दिया है। लगभग तीन सप्ताह बाद जंस्कार घाटी मनाली से जुड़ गई है। हालांकि अभी फोर बाय फोर वाहनों के लिए यह मार्ग बहाल हुआ है। मंगलवार को लगभग 12 फोर बाय फोर वाहन जंस्कार से शिंकुला होकर मनाली पहुंचे।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com