पाकिस्तान के पूर्वी इलाके में सोमवार को एक दुकान की छत गिरने से कम से कम 8 महिलाओं की मौत हो गई और 50 से अधिक घायल हो गए। पुलिस और राहत अधिकारियों के अनुसार, यह हादसा तब हुआ जब 100 से अधिक महिलाएं सरकारी कल्याणकारी भुगतान लेने के लिए इकट्ठी हुई थीं।
भीड़ के कारण छत धराशायी
राहतकर्मी अशीक महमूद ने बताया कि दुकानदार ने कुछ महिलाओं को छत पर भेज दिया था, जबकि अन्य अंदर ही थीं। भीड़ के वजन से छत अचानक ढह गई। यह घटना पंजाब प्रांत के रहीम यार खान जिले में हुई। उन्होंने कहा कि रेस्क्यू 1122 के अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे और मलबे के नीचे दबे लोगों को बचाया।
रहीम यार खान के उपायुक्त जहीर अनवर ने बताया किसरकारी वित्त पोषित बेनजीर आय सहायता कार्यक्रम (बीआइएसपी) के तहत वित्तीय सहायता चाहने वाली महिलाएं एक बीआइएसपी केंद्र के छत पर बने हाल में एकत्रित हुई थीं, तभी छत ढह गई। उपायुक्त ने कहा कि घायल महिलाओं को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मृतकों की संख्या बढ़ सकती है, क्योंकि कुछ की हालत गंभीर है।
जर्जर इमारत की छत पर महिलाएं हुई थी इकट्ठा
ऐसा लगता है कि इमारत जर्जर थी और जब बड़ी संख्या में महिलाएं छत पर इकट्ठा हुईं तो वह गिर गई। महिलाएं कार्यक्रम के तहत मिलने वाली राशि लेने के लिए केंद्र आई थीं। स्थानीय निवासियों ने जर्जर इमारत में बीआइएसपी केंद्र खोलने के लिए सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। उन्होंने मुआवजे की मांग की।
पंजाब की मुख्यमंत्री मरियम नवाज ने इस घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया और स्वास्थ्य अधिकारियों को घायलों को सर्वोत्तम सुविधाएं उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। हालांकि, पीडि़तों के लिए किसी प्रकार के आर्थिक मुआवजे की घोषणा नहीं की।
सरकारी प्रोग्राम के तहत मिल रही थी सहायता राशि
महिलाएं बेनजीर इनकम सपोर्ट प्रोग्राम के तहत आर्थिक सहायता लेने आई थीं। यह कार्यक्रम पूर्व प्रधानमंत्री बेनजीर भुट्टो के नाम पर चलाया जाता है, जिनकी 2007 में गोली और बम हमले में हत्या कर दी गई थी।
इस योजना के तहत गरीब परिवारों, खासकर महिलाओं को हर तिमाही 13,000 रुपये (लगभग 45 डॉलर) की नकद सहायता मिलती है। महिलाएं रमजान के अंत में ईद-उल-फित्र से पहले यह राशि लेने इकट्ठी हुई थीं।
पाकिस्तान में अक्सर होती हैं भीड़ और स्टांपीड की घटनाएं
पाकिस्तान में रमजान के दौरान सरकारी एजेंसियां, चैरिटी संगठन और व्यापारी गरीब परिवारों को भोजन और नकद सहायता बांटते हैं, जिससे भीड़ जमा हो जाती है और कभी-कभी स्टांपीड जैसी घटनाएं हो जाती हैं।
2023 में कराची में एक फैक्ट्री के बाहर रमजान राहत सामग्री बांटने के दौरान स्टांपीड में कम से कम 11 महिलाएं और बच्चे मारे गए थे।
फरवरी में कराची में गैस विस्फोट से भी 16 लोगों की मौत
इससे पहले फरवरी में कराची के एक आवासीय भवन में शक्तिशाली गैस विस्फोट हुआ था, जिसमें इमारत का हिस्सा ढह गया। इस हादसे में महिलाएं और बच्चे सहित 16 लोग मारे गए थे और कई घायल हुए थे।
Live Halchal Latest News, Updated News, Hindi News Portal