सिगरेट छोड़ना आपके स्वास्थ्य और दांतों के लिए लिया गया अब तक का सबसे बेहतरीन फैसला हो सकता है। लेकिन अक्सर लोग यह देखते हैं कि स्मोकिंग बंद करने के बाद भी उनके दांतों पर पीले या भूरे रंग के जिद्दी दाग बने रहते हैं।
दरअसल, ये दाग सिगरेट में मौजूद निकोटीन और टार के कारण होते हैं, जो समय के साथ दांतों के इनेमल पर डिसकलरेशन का कारण बन जाते हैं। इसलिए अगर आपने सिगरेट छोड़ दी है और अपने दांतों की चमक वापस पाना चाहते हैं, तो आइए डॉ. सुमन यादव (हेड ऑफ मैक्सोफेशियल एंड डेंटल डिपार्टमेंट, न्यूमेड हॉस्पिटल, नोएडा) से कुछ टिप्स जानते हैं।
ओरल हाइजीन पर खास ध्यान
स्मोकिंग छोड़ने के बाद अपनी मुस्कान सुधारने का पहला कदम सही तरीके से सफाई करना है। दिन में दो बार फ्लोराइड टूथपेस्ट और नरम ब्रिसल्स वाले टूथब्रश से ब्रश करें। व्हाइटनिंग टूथपेस्ट का इस्तेमाल करने से दांतों के ऊपरी दाग धीरे-धीरे कम हो सकते हैं। इसके अलावा, रोजाना फ्लॉसिंग करना बेहद जरूरी है, क्योंकि यह उन जगहों से प्लाक और दाग हटाने में मदद करता है जहां ब्रश नहीं पहुंच पाता।
डेंटिस्ट से प्रोफेशनल क्लीनिंग
दांतों पर जमा तंबाकू के दागों को हटाने के लिए प्रोफेशनल डेंटल क्लीनिंग सबसे अच्छा तरीका है। डेंटिस्ट स्केलिंग और पॉलिशिंग के जरिए प्लाक, टार्टर और दांतों की सतह पर लगे गहरे दागों को साफ कर सकते हैं, जिससे दांत चमकदार दिखने लगते हैं। अगर दाग बहुत गहरे हैं, तो डेंटिस्ट आपको प्रोफेशनल टीथ व्हाइटनिंग ट्रीटमेंट की सलाह दे सकते हैं, जो सुरक्षित रूप से आपके दांतों की नेचुरल चमक वापस लौटाता है।
खान-पान की आदतों में बदलाव
दांतों को सफेद बनाए रखने के लिए उन चीजों से परहेज करें जो दाग पैदा करती हैं, जैसे कि कॉफी, चाय और कोला। खासकर सिगरेट छोड़ने के शुरुआती महीनों में इन्हें सीमित मात्रा में ही खाना फायदेमंद होता है। इसके बजाय, खूब पानी पिएं और फल व सब्जियां खाएं, जो प्राकृतिक रूप से दांतों की सफाई करने में मदद करते हैं।
स्मोकिंग से दूरी बनाए रखें
सबसे जरूरी बात यह है कि हमेशा के लिए स्मोकिंग से दूरी बनाए रखें। इससे न केवल नए दाग बनने रुकेंगे, बल्कि आपके मसूड़े और दांत भी स्वस्थ रहेंगे। डॉक्टर की सही सलाह और नियमित देखभाल के साथ, आपकी मुस्कान धीरे-धीरे अपनी खोई हुई सफेदी और चमक वापस पा सकती है।
Live Halchal Latest News, Updated News, Hindi News Portal