पश्चिम एशिया संकट: मिसाइलों और धमाकों के बीच सुरक्षित लौटे भारतीय

अमेरिका-इस्राइल और ईरान के बीच बढ़ते तनाव ने पश्चिम एशिया में उड़ानों पर संकट खड़ा कर दिया। कई भारतीय यात्री दुबई और अबू धाबी से उड़ान रद्द होने के कारण फुजैराह और दमाम के वैकल्पिक हवाई मार्ग से दिल्ली लौटे। मिसाइलों और धमाकों से क्षेत्र में डर का माहौल था। भारत सरकार और एयरलाइंस ने यात्रियों को सुरक्षित निकासी सुनिश्चित की।

अमेरिका-इस्राइल और ईरान के बीच बढ़ते तनाव के कारण पश्चिम एशिया में उड़ानों में आई बाधा के बीच कई भारतीय यात्री बृहस्पतिवार को दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय (आईजीआई) हवाई अड्डे पर पहुंचे। कई यात्रियों को दुबई और अबू धाबी से उड़ानें रद्द होने के कारण फुजैराह और दमाम जैसे वैकल्पिक हवाई अड्डों के रास्ते भारत लौटना पड़ा। यात्रियों ने बताया कि युद्ध प्रभावित क्षेत्रों में आसमान में मिसाइलें और धमाके साफ देखे जा सकते थे। भारत सरकार और एयरलाइंस की मदद से फंसे हुए लोगों को फुजैराह और दम्माम जैसे वैकल्पिक हवाई अड्डों के जरिये सुरक्षित निकाला गया है।

पश्चिम एशिया और यूरोप से आए यात्रियों ने अपनी आपबीती साझा करते हुए बताया कि क्षेत्र में डर और अनिश्चितता का माहौल था। फुजैराह से दिल्ली पहुंचे एक यात्री ने कहा कि वह काम के सिलसिले में दुबई गए थे, लेकिन हालात काफी तनावपूर्ण थे। होटल के कमरे में भी मिसाइल हमले की आवाजें सुनाई देती थीं। उन्होंने बताया कि अमेरिकी वाणिज्य दूतावास पर हमले की खबर के बाद डर का माहौल बन गया था और दुबई व अबू धाबी से उड़ानें बार-बार रद्द हो रही थीं, इसलिए उन्हें फुजैराह के रास्ते लौटना पड़ा।

दमाम से पहुंचे एक अन्य यात्री ने बताया कि उनकी फ्लाइट लंदन से आनी थी, लेकिन वह पांच दिन तक बहरीन में फंसे रहे। उन्होंने कहा कि होटल से ही मिसाइल हमलों की आवाजें सुनाई देती थीं। इस बीच खाड़ी देशों में भारतीय दूतावास भी फंसे हुए यात्रियों की मदद में जुटा हैं। कुवैत स्थित भारतीय दूतावास ने कहा कि वह एयरस्पेस बंद होने से प्रभावित भारतीयों की सहायता के लिए लगातार स्थानीय अधिकारियों, होटलों और एयरलाइनों के संपर्क में है।

यूएई, कतर व कुवैत में भारतीयों के लिए सुरक्षा सलाह
संयुक्त अरब अमीरात (यूएई), कतर व कुवैत में भारतीय दूतावासों ने अपने नागरिकों के लिए सुरक्षा सलाह जारी की है। अबू धाबी स्थित भारतीय दूतावास ने यूएई में रह रहे भारतीय नागरिकों के लिए सलाह जारी की है, जिसमें उन्हें सतर्क और शांत रहने तथा यूएई अधिकारियों के सुरक्षा दिशा-निर्देशों का पालन करने का निर्देश दिया गया है।

सोशल मीडिया पर साझा इस सलाह में कहा गया है, संयुक्त अरब अमीरात और क्षेत्र में मौजूदा स्थिति को देखते हुए, यूएई में मौजूद सभी भारतीय नागरिकों को सतर्क और शांत रहने, यूएई अधिकारियों के सुरक्षा दिशानिर्देशों का पालन करने और समय-समय पर जारी की जाने वाली आधिकारिक सलाहों का अनुसरण करने की सलाह दी जाती है। दूतावास ने स्पष्ट किया कि नियमित उड़ानें अभी निलंबित हैं लेकिन कुछ एयरलाइंस ने भारत में कई गंतव्यों के लिए सीमित गैर-निर्धारित उड़ानें शुरू कर दी हैं। फंसे हुए भारतीय अपनी-अपनी एयरलाइंस से संपर्क करके इन उड़ानों का लाभ उठा सकते हैं।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com