दिल्ली-दून एक्सप्रेसवे पर एलिवेटेड रोड तैयार, सेफ्टी ऑडिट पूरा

दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे परियोजना में गणेशपुर से डाटकाली तक बनाई गई 12 किमी लंबी एलिवेटेड रोड के सभी कार्य पूरे किए जा चुके हैं। इसके साथ ही भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआइ) के परियोजना निदेशक कार्यालय ने परियोजना का सेफ्टी ऑडिट भी पूरा करा लिया है। अब सिर्फ परियोजना कार्यालय एक्सप्रेसवे के औपचारिक उद्घाटन के निर्देशों के इंतजार में हैं।

एनएचएआइ के परियोजना निदेशक सौरभ सिंह के अनुसार एलिवेटेड रोड पर सड़क सुरक्षा के लिहाज से सभी इंतजाम किए गए हैं। निर्धारित स्थलों पर 16 स्पीड डिटेक्शन कैमरे लगाए गए हैं। जो वाहनों की रफ्तार का परीक्षण करेंगे और ओवरस्पीड की दशा में कंट्रोल रूम में तुरंत सूचना भेज देंगे।

यह कैमरे मीटर व्हीकल एक्ट के लिहाज से परिवहन विभाग के भी सीधे नियंत्रण में होंगे और स्वतः ही चालानी कार्रवाई करेंगे। इसके अलावा 12 मोबाइल टावर भी इंस्टाल किए जा चुके हैं। पुराने राजमार्ग पर मोहंड क्षेत्र में नेटवर्क गायब हो जाते थे। नए राजमार्ग पर यह समस्या दूर की जा चुकी है।

अधिकतम 100 किमी प्रति घंटा है स्पीड
राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के अधिकारियों के अनुसार छोटे वाहनों के लिए अधिकतम स्पीड (गति सीमा) 100 किमी प्रति घंटा, जबकि भारी वाहनों के लिए 80 किमी तय की गई है। मोड़ों पर गति सीमा और कम की गई है, जिसके साइनेज निर्धारित स्थलों पर लगाए गए हैं।

एलिवेटेड रोड पर ले-बाय का इंतजाम, क्रेन भी तैनात
परियोजना निदेशक सौरभ सिंह ने बताया कि एलिवेटेड रोड पर वाहन चालकों की मदद के लिए ले-बाय का इंतजाम किया गया है। दोनों लेन पर एक ऐसा स्थान दिया गया है, जिसमें अतिरिक्त चौड़ाई है। यदि किसी वाहन में खराबी आती है, तो उसे अतिरिक्त चौड़ाई वाले भाग पर खड़ा किया जा सकता है। साथ ही मदद के लिए पेट्रोलिंग वाहन और क्रेन का इंतजाम भी किया गया है। जो दुर्घटना या अन्य आपात स्थिति में मदद के लिए हर समय उपलब्ध रहेगा।

डाटकाली के श्रद्धालुओं के लिए ओवरपास भी तैयार
एनएचएआइ अधिकारियों ने बताया कि डाटकाली मंदिर के श्रद्धालुओं की सुरक्षा के मद्देनजर एलिवेटेड रोड परियोजना में अलग से ओवरपास का प्राविधान किया गया था। करीब एक साल के अंतराल में इसका भी कार्य पूरा कर दिया गया है।

ओवरपास परियोजना पर एक नजर
लंबाई, 700 मीटर
बजट, करीब 14 करोड़ रुपये
प्रकृति, एलिवेटेड रोड को क्रास करते हुए घुमावदार होगा ब्रिज

एलिवेटेड रोड परियोजना पर एक नजर
कुल लंबाई – 12 किमी
कुल बजट – 1500 करोड़ रुपये
कुल पिलर – 575

11 हजार 970 करोड़ की है पूरी परियोजना
एनएचएआइ अधिकारियों के मुताबिक दिल्ली-दून एक्सप्रसेवे का निर्माण 213 किलोमीटर पर कुल 11 पैकेज में गतिमान है। यह कार्य प्राधिकरण के अलग-अलग परियोजना कार्यालय देख रहे हैं।

एक्सप्रेसवे परियोजना के यह भी खास बिंदु
05 रेलवे ओवर ब्रिज
110 वाहन अंडरपास
76 किमी सर्विस रोड
29 किमी की एलिवेटेड रोड
16 एग्जिट और एंट्री प्वाइंट

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com