नैमिष नगर योजना का भूमि पूजन अप्रैल में, पंजीकरण मई से

आईटी सिटी की लॉन्चिंग के बाद अब एलडीए की नैमिष नगर योजना का भूमि पूजन अप्रैल में होगा। फिर मई से पंजीकरण शुरू कर योजना को लॉन्च कर दिया जाएगा। इसकी तैयारी शुरू हो गई है। करीब तीन हजार एकड़ में विकसित की जा रही योजना में दो लाख की आबादी को आवासीय सुविधाएं मिलेंगी।

नैमिष नगर योजना में बक्शी का तालाब क्षेत्र के 14 गांवों की जमीन शामिल है। इस इलाके में अभी तक कोई सरकारी आवासीय योजना नहीं थी। आठ वर्ष पहले आवास विकास परिषद ने यहां बीकेटी नाम से योजना लॉन्च करने की तैयारी की थी, पर बाद में प्रस्ताव ठंडे बस्ते में चला गया।

करीब एक वर्ष पहले एलडीए ने नैमिष नगर योजना लाने का प्रस्ताव बनाकर बोर्ड से मंजूर कराया। इसके लिए जमीन किसानों से आपसी सहमति पर बैनामे से खरीदी जा रही है। आईटी और वेलनेस सिटी योजना की तरह यहां लैंड पूलिंग की नीति नहीं लागू है। एलडीए किसानों को जमीन के बदले पैसा दे रहा है। उधर, आईटी सिटी योजना में जमीन देने वाले पहले चरण के भूस्वामियों को 28 फरवरी को भूखंड आवंटित हो जाएंगे।

तीन हजार रुपये वर्गफीट के करीब होगी कीमत
अधिकारियों ने बताया कि जमीन खरीदने और विकास कार्य के खर्च का आकलन किया जा रहा है। योजना में जमीन की कीमत तीन हजार रुपये प्रति वर्गफीट के करीब ही रहेगी। क्षेत्र में ज्यादातर सोसाइटी वाले बिना मानचित्र पास कराए दो हजार से ढाई हजार रुपये वर्गफीट की दर से जमीन बेच रहे हैं। एलडीए कॉलोनी को पूरी तरह से विकसित करके देगा।

इन गांवों की ली जाएगी जमीन: गोपरामऊ, भौली, लक्ष्मीपुर, पूरब गांव, सैरपुर, पुरवा, सैदापुर, फर्रुखाबाद, कोडारी भौली, कमलाबाद, कमलापुर, पल्हरी, बैरूमऊ, धार्तिगरा।

एलडीए के संयुक्त सचिव सुशील प्रताप सिंह का कहना है कि अप्रैल में भूमि पूजन के बाद योजना में विकास कार्य शुरू हो जाएंगे। इसके साथ ही रेरा में रजिस्ट्रेशन कराया जाएगा और फिर प्लॉटों के लिए पंजीकरण खोल दिया जाएगा।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com