पांच दिन बाद होली, दिल्ली-मुंबई की ट्रेनों में वेटिंग 180 के पार

होली में अब केवल पांच दिन का समय बचा है। ऐसे में दिल्ली, मुंबई, सूरत सहित अन्य शहरों से आने वाली ट्रेनों में भीड़ बढ़ गई है। त्योहार पर घर आने के लिए कई लोगों ने महीने भर पहले से आरक्षण कराया था, लेकिन अभी भी बड़ी संख्या में ऐसे यात्री हैं जिन्हें स्लीपर से लेकर एसी तक कंफर्म सीट नहीं मिल पा रही है।

स्थिति यह है कि नियमित चलने वाली ट्रेनों में भी वेटिंग लिस्ट बहुत लंबी है। कई ट्रेनों में किसी भी श्रेणी में एक भी सीट खाली नहीं है। अगले सप्ताह 4 मार्च, बुधवार को होली मनाई जाएगी। ऐसे में लोग घर लौटने लगे हैं। ट्रेनों में सीट की स्थिति यह है कि मुंबई से आने वाली एलटीटी-जयनगर एक्सप्रेस, एलटीटी-गोरखपुर सुपरफास्ट एक्सप्रेस, महानगरी एक्सप्रेस और कामायनी एक्सप्रेस में 5 मार्च तक किसी भी श्रेणी में जगह नहीं है। स्लीपर में वेटिंग 100 के पार पहुंच गई है, जबकि एसी में वेटिंग 50 से अधिक है।

नई दिल्ली से वाराणसी आने वाली वंदे भारत एक्सप्रेस में 3 मार्च तक वेटिंग 180 से अधिक है। स्वतंत्रता सेनानी सुपरफास्ट एक्सप्रेस में 4 मार्च तक कोई सीट उपलब्ध नहीं है। प्रतिदिन चलने वाली बनारस सुपरफास्ट एक्सप्रेस भी 3 मार्च तक ‘रिग्रेट’ की स्थिति में पहुंच गई है। महामना एक्सप्रेस, गरीब रथ और नीलांचल एक्सप्रेस की वेटिंग लिस्ट भी काफी लंबी है। स्थिति यह है कि कुछ यात्री तत्काल टिकट के सहारे यात्रा करने की उम्मीद लगाए हैं, जबकि कई लोगों को मजबूरी में जनरल डिब्बे में सफर करना पड़ सकता है।

साप्ताहिक ट्रेनों के चलने से मिलेगी थोड़ी राहत
गोमतीनगर-मालतीपाटपुर साप्ताहिक विशेष ट्रेन (05064/05063)
इस ट्रेन का संचालन 26 फरवरी से शुरू हो गया है। यह ट्रेन गोमतीनगर से 26 फरवरी से 26 मार्च तक प्रत्येक बृहस्पतिवार को चलेगी, जबकि वापसी में मालतीपाटपुर से 28 फरवरी से 28 मार्च तक प्रत्येक शनिवार को संचालित होगी। गोमतीनगर से शाम 6:55 बजे चलकर यह ट्रेन वाराणसी सुबह 7:20 बजे पहुंचेगी। वापसी में 05063 ट्रेन मालतीपाटपुर से सुबह 11:15 बजे चलकर भुवनेश्वर, कोडरमा, डेहरी ऑन सोन, सासाराम और पीडीडीयू नगर होते हुए अगले दिन सुबह 8:10 बजे वाराणसी पहुंचेगी।

रांची-गोरखपुर विशेष ट्रेन (08629/08630)
इस ट्रेन का संचालन 2 मार्च से 30 मार्च तक होगा। यह हर सोमवार को रांची से और हर बुधवार को गोरखपुर से चलेगी। 08629 रांची-गोरखपुर साप्ताहिक ट्रेन रांची से रात 11:55 बजे प्रस्थान कर कोडरमा, बोकारो, डेहरी ऑन सोन, सासाराम और पीडीडीयू नगर होते हुए दोपहर 12:10 बजे वाराणसी पहुंचेगी। वापसी में 08630 गोरखपुर से रात 12:50 बजे चलकर देवरिया, सलेमपुर, मऊ, औड़िहार और जौनपुर होते हुए सुबह 8:20 बजे वाराणसी पहुंचेगी तथा आगे पीडीडीयू नगर, डेहरी ऑन सोन, कोडरमा और बोकारो स्टील सिटी होते हुए रात 8:45 बजे रांची पहुंचेगी।

मुंबई सेंट्रल-बनारस विशेष ट्रेन (09183/09184)
यह ट्रेन 4, 11, 18 और 25 मार्च को मुंबई से तथा 6, 13, 20 और 27 मार्च को बनारस से चलाई जाएगी। मुंबई से रात 10:30 बजे चलकर यह ट्रेन सूरत, रतलाम, कोटा, शिकोहाबाद, कन्नौज, कानपुर और लखनऊ होते हुए तीसरे दिन सुबह 10:30 बजे बनारस पहुंचेगी। वापसी में बनारस से दोपहर 2:30 बजे चलकर कानपुर, लखनऊ, मैनपुरी, आगरा, रतलाम और सूरत होते हुए तीसरे दिन सुबह 4:20 बजे मुंबई पहुंचेगी।

लोकमान्य तिलक टर्मिनस-बनारस विशेष ट्रेन (01073/01074)
यह ट्रेन लोकमान्य तिलक टर्मिनस से 4 और 5 मार्च को तथा बनारस से 27-28 फरवरी और 6-7 मार्च को चलाई जाएगी। लोकमान्य तिलक से दोपहर 12:15 बजे चलकर नासिक, भुसावल और इटारसी होते हुए अगले दिन रात 11:30 बजे बनारस पहुंचेगी। वापसी में बनारस से सुबह 5:30 बजे चलकर दूसरे दिन शाम 4:40 बजे लोकमान्य तिलक टर्मिनस पहुंचेगी।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com