14 मार्च को पंजाब आएंगे केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह

पंजाब भाजपा के कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष अश्वनी शर्मा ने अमित शाह के दाैरे के बारे में जानकारी दी। शर्मा ने कहा कि 2027 के विधानसभा चुनाव में पंजाब की जनता भाजपा की डबल इंजन सरकार बनाएगी।

भारतीय जनता पार्टी पंजाब 14 मार्च को मोगा में बदलाव रैली का आयोजन करेगी जिसे भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह संबोधित करेंगे। यह घोषणा पंजाब भाजपा के कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष अश्वनी शर्मा ने की।

शर्मा ने कहा कि पंजाब का हर वर्ग मौजूदा सरकार से त्रस्त है। 16 मार्च 2026 को आम आदमी पार्टी सरकार के चार वर्ष पूरे हो जाएंगे। इन चार वर्षों में चुनावी गारंटियां और वादे पूरे करना तो दूर, आप सरकार पंजाब में कानून का राज भी सुनिश्चित नहीं कर पाई। सत्ता में आने से पहले कही गई हर बात से मुकरते हुए सरकार ने यू-टर्न लिया है।

पंजाब में नशा और भ्रष्टाचार बेलगाम
शर्मा ने आरोप लगाया कि पंजाब में कानून-व्यवस्था बदहाल है और नशा व माइनिंग माफिया के साथ भ्रष्टाचार बेलगाम है। स्वास्थ्य और शिक्षा व्यवस्था चरमराई हुई है, कर्मचारियों को वेतन-पेंशन समय पर नहीं मिल रही। मुफ्त योजनाओं का बकाया न मिलने से बिजली बोर्ड और पंजाब रोडवेज भारी घाटे में हैं और महीनों से वेतन तक नहीं दे पा रहे। बेअदबी के दोषियों को सजा नहीं मिली, जबकि आप नेताओं पर ही माफिया से मिलीभगत के आरोप आप के नेता, सांसद और विधायक ही लगा रहे हैं। हर फसल पर एमएसपी देने का वादा पूरा करना तो दूर, पिछले चार वर्षों में केंद्र द्वारा गेहूं और धान के लिए भेजी जा रही एमएसपी में भी किसानों को कटौती झेलनी पड़ी। उन्होंने कहा कि व्यापारी टैक्स उगाही आतंक से त्रस्त है। शहरों, कस्बों व गांवों को जाने वाली और उनके अंदर की सड़कों की हालत खस्ता है।

शर्मा ने कहा कि पंजाब के हर गांव, कस्बे और शहर में चेन स्नैचिंग की घटनाएं रोज हो रही हैं। कबड्डी खिलाड़ियों को सरेआम मौत के घाट उतारा जा रहा है। गैंगस्टर खुलेआम गोलियां चलाकर जिसे चाहें मार रहे हैं, और अब तो पुलिस थानों और एसएसपी कार्यालयों के बाहर भी बेखौफ वारदातें हो रही हैं।

शर्मा ने आरोप लगाया कि पंजाब में आतंकवाद को जड़ से खत्म करने वाली पंजाब पुलिस को राजनीतिक विरोधियों से बदला लेने में इतना व्यस्त कर दिया है कि पुलिस अपने ही थानों पर हो रहे ग्रेनेड हमलों को रोकने में नाकाम साबित हो रही है। शर्मा ने कहा कि 2027 के विधानसभा चुनाव में पंजाब की जनता भाजपा की डबल इंजन सरकार बनाएगी।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com