महाराष्ट्र के सतारा जिले के अंगपुर फाटा इलाके में रेबीज रोग से पीड़ित युवा गंभीर हालत में पाया गया। वह बीच सड़क पर कुत्ते जैसे हरकतें करने लगा। इस व्यक्ति की हालत इतनी गंभीर थी कि लोगों को उसे जाल बिछाकर पकड़ना पड़ा।
बताया जा रहा है कि कुत्ते के काटने के बाद व्यक्ति में रेबीज के लक्षण दिखाई देने लगे। स्थानीय लोगों की सूचना पर पीड़ित को तुरंत सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है। इस घटना का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें एक शख्स सड़क पर कुत्ते जैसी चाल चल रहा है।
वायरल वीडियो में क्या?
वीडियो में देखा जा सकता है कि स्थानीय लोग एक बड़ा और लंबा जाल बिछा रहे हैं और रेबीज से पीड़ित शख्स को पकड़ने की कोशिश कर रहे हैं। वहीं, पीड़ित व्यक्ति अपने घुटनों और हाथों के सहारे सड़क पर चल रहा है और कुत्ते जैसी हरकतें करके लोगों को डराने की कोशिश कर रहा है। वह बार-बार लोगों की तरफ दौड़ रहा और जमघट लगाए लोग कभी उसके पास जा रहे हैं तो कभी दूर भाग रहे हैं।
वीडियो में देख सकते हैं कि जैसे ही लोग उसे पकड़ने के लिए पास जाते हैं तो पीड़ित शख्स तेजी से उनकी तरफ गुर्राता है और दौड़ता है, जिससे कि लोग पीछे हट जाते हैं।
जानलेवा बीमारी है रेबीज
विश्व स्वास्थ्य संगठन के मुताबिक, कुत्ते के काटने से होने वाली रेबीज एक जानलेवा वायरल बीमारी है। अगर इसके लक्षण दिखने लगें तो तुरंत मेडिकल मदद से इसे रोका जा सकता है। कुत्ते के काटने के बाद घाव को 15 मिनट तक साबुन और पानी से अच्छी तरह धोया जाए और वैक्सीनेशन (PEP) के लिए तुरंत मेडिकल मदद ली जानी चाहिए। लक्षण दिखने से पहले इलाज शुरू करना बहुत जरूरी है।
Live Halchal Latest News, Updated News, Hindi News Portal