‘भारत के पास अपना मोबाइल OS तक नहीं’, सैम पित्रोदा के बयान पर भड़की बीजेपी

इंडियन ओवरसीज कांग्रेस के मुखिया सैम पित्रोदा ने भारत के पास अपना मोबाइल ऑपरेटिंग सिस्टम न होने और भारतीय प्रतिभाओं के दूसरों की सेवा करने पर विवादित बयान दिया।भाजपा ने इस पर कड़ी प्रतिक्रिया देते हुए उनके दावों को झूठा बताया।

अपने बयानों के लिए अक्सर चर्चाओं में रहने वाले इंडियन ओवरसीज कांग्रेस के मुखिया सैम पित्रोदा ने एक बार फिर विवादित बयान दिया है। पित्रोदा ने कहा- ‘1.50 अरब की आबादी वाले देश के पास अपना मोबाइल आपरेटिंग सिस्टम(ओएस) तक नहीं है। यह शर्म की बात है।’

यही नहीं, उन्होंने कहा कि भारतीय प्रतिभाएं दूसरों की सेवा करने के लिए ही हैं। उधर, भाजपा ने कड़ा प्रतिकार करते हुए कहा कि कांग्रेस का एकमात्र मिशन झूठ बोलकर भारत को नीचा दिखाना है। साथ ही पित्रोदा के दावों को खारिज करते हुए भारत में विकसित आपरेटिंग सिस्टमों की लंबी फेहरिस्त गिनाई।

भारत ने खुद के टेक्नालाजी प्रोडक्ट नहीं बनाए
एक यूट्यूब चैनल को दिए साक्षात्कार में पित्रोदा ने कहा कि भारत ने युवाओं की जो बड़ी फौज तैयार की है, वह भारत के लिए नहीं बल्कि बहुराष्ट्रीय कंपनियों के लिए काम कर रही है। भारत ने अपने खुद के वैश्विक स्तर के टेक्नालाजी प्रोडक्ट नहीं बनाए हैं।

उन्होंने सवाल उठाया कि भारत माइक्रोसाफ्ट जैसी कंपनी या अपना खुद का इंटरनेट मीडिया प्लेटफार्म और मोबाइल ओएस क्यों नहीं बना पाया?

झूठ बोल कर उड़ा रहें देश का मजाक
उधर, पित्रोदा के बयान पर भाजपा प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने एक्स पर लिखा- ‘ कांग्रेस के टापलेस प्रदर्शन के बाद अब लश्कर-ए-कांग्रेस के प्रमुख सैम पित्रोदा सामने आए हैं। अंकल सैम एक बार फिर भारत को नीचा दिखाने के एजेंडे पर चलते हुए झूठ बोलकर देश का मजाक उड़ा रहे हैं। वे कहते हैं कि भारत के लिए शर्म की बात है कि उन्होंने मोबाइल के लिए ओएस भी विकसित नहीं किया।

हकीकत ये है कि बास लीनक्स, माया ओएस, प्राइमओएस, भारओएस, इंडस ओएस और नेक्स्टक्वांटमओएस जैसे आपरेटिंग सिस्टम भारत में ही विकसित हुए हैं।’ भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि कांग्रेस भारत से नफरत करती है और उसका मकसद देश को सिर्फ नीचा दिखाना होता है।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com