एमपी में बदला मौसम का मिजाज, बादल से तापमान में गिरावट

मध्य प्रदेश में एक बार फिर मौसम ने करवट ली है। पश्चिमी विक्षोभ और ट्रफ लाइन के प्रभाव से भोपाल समेत कई शहरों में बादल छाए रहे। बादलों की वजह से दिन के तापमान में गिरावट दर्ज की गई और धूप का असर कम रहा। मौसम विभाग के अनुसार, अगले पांच दिनों के भीतर पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में दो नए पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होंगे। हालांकि इन सिस्टमों का सीधा असर प्रदेश में बारिश के रूप में नहीं दिखेगा, लेकिन बादलों की आवाजाही बनी रह सकती है।

सुबह-शाम ठंड का असर जारी
आने वाले तीन से चार दिन तक प्रदेश में हल्की सर्दी बनी रहेगी। खासतौर पर देर रात और सुबह के समय ठंड महसूस होगी। वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक डॉ. दिव्या ई. सुरेंद्रन के मुताबिक, मौजूदा सिस्टम के कारण बादल छाए हुए हैं। आने वाले दिनों में दिन और रात के तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी का रुझान भी देखने को मिलेगा।

सर्दी का एक और हल्का दौर संभव
पहाड़ी इलाकों में हो रही बर्फबारी और अन्य राज्यों में जारी बारिश के असर से प्रदेश के मौसम में फिर बदलाव हो सकता है। सिस्टम गुजरने और बर्फ पिघलने के बाद तापमान में हल्की गिरावट दर्ज हो सकती है। हालांकि कड़ाके की ठंड की संभावना फिलहाल नहीं है। ज्यादातर शहरों में रात का तापमान 10 से 12 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है।

अगले दो दिन का पूर्वानुमान

13 फरवरी: कुछ जिलों में हल्का कोहरा छा सकता है। बारिश की संभावना नहीं, दिन में बादल रह सकते हैं।
14 फरवरी: सीमित जिलों में हल्का से मध्यम कोहरा रहेगा। वर्षा की संभावना नहीं जताई गई है।

इन इलाकों में पारा लुढ़का
शहडोल जिले के कल्याणपुर में न्यूनतम तापमान 4.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो प्रदेश में सबसे कम रहा। पचमढ़ी में 7.4 डिग्री, कटनी के करौंदी में 8.4 डिग्री, अमरकंटक में 9.1 डिग्री, मंदसौर में 9.1 डिग्री, खजुराहो में 9.2 डिग्री और दतिया में 9.9 डिग्री तापमान रिकॉर्ड हुआ।वहीं बड़े शहरों में रात का तापमान 13 डिग्री से ऊपर बना रहा। ग्वालियर में 13 डिग्री, उज्जैन और जबलपुर में 13.5 डिग्री तथा भोपाल और इंदौर में 13.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। प्रदेश में फिलहाल बादलों की मौजूदगी से दिन ठंडे और सुबह-रात सर्द बनी हुई है, जबकि बारिश की कोई बड़ी संभावना नजर नहीं आ रही।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com