सहकारी समितियों से उर्वरक प्राप्त करने वाले भूमिहीन किसान अब एम पैक्स (बहुउद्देशीय साधन सहकारी समिति) के सदस्य बन सकेंगे, जिससे उन्हें खाद की उपलब्धता में सुविधा होगी। इस नई सुविधा के तहत, सदस्य बनने के लिए केवल 226 रुपये का शुल्क और आधार कार्ड जमा करना होगा। यह कदम उन किसानों के लिए विशेष रूप से लाभकारी होगा जो पहले सहकारी समितियों से उर्वरक प्राप्त नहीं कर पाते थे।
बहुउद्देशीय साधन सहकारी समिति बरौली अहीर के सचिव देवेंद्र सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि अब वही किसान समिति से उर्वरक ले सकेंगे जिनके पास फार्मर आईडी है या जो एम पैक्स बरौली अहीर के सदस्य है। अन्य किसानों को निजी दुकानों से उर्वरक लेना होगा। बताया कि सदस्य बनने के लिए शुल्क एक बार ही जमा करना होगा। सदस्यों को उर्वरक वितरण से संबंधित पूरी जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी। किसान ऑनलाइन आवेदन भी कर सकते हैं।
किसानों ने किया प्रस्तावित विधेयक का समर्थन
थाना कागारौल क्षेत्र के गांव अकोला में सोमवार को किसानों ने बैठक की। बीज, कीटनाशक के नमूना फेल होने पर प्रस्तावित विधेयक में दंडात्मक प्रावधान का समर्थन किया है। भाजपा किसान नेता मोहन सिंह चाहर ने कहा कि केंद्र सरकार के नए प्रस्तावित विधेयक में सरकार ने बीज और कीटनाशक का नमूना फेल होने पर निर्माता कंपनी और विक्रेता पर 50 हजार से 30 लाख रुपये तक जुर्माना, प्राथमिकी और लाइसेंस निरस्तीकरण का प्रावधान लागू किया है। इससे नकली बीज और कीटनाशक बिक्री पर रोक लगेगी। बताया कि इस बार भी आगरा के 29 किसानों को पंजाब के जालंधर की फर्म ने आलू का नकली और रोगग्रस्त बीज दिया था। कृषि विभाग की जांच टीम के अनुसार किसानों को करीब 60 लाख रुपये का घाटा हुआ। बैठक में अशोक लवानिया, सियाराम चाहर, रमेश चाहर, शिवराम चाहर, राजवीर सरपंच, जगदीश और देशराज सिंह आदि मौजूद रहे। संवाद
भाकियू ने की किसानों की समस्याओं पर बैठक
मलपुरा। भारतीय किसान यूनियन अराजनैतिक ने गांव हकीमपुरा में सोमवार को मंडल समीक्षा बैठक की। इसमें आगरा सहित मथुरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी से भी भाकियू अराजनैतिक के पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। युवा प्रदेश अध्यक्ष चौधरी दिगंबर सिंह ने किसान हित से जुड़े विषयों के बारे में बताया। जिलाध्यक्ष दीपक कुमार तोमर ने बताया कि समीक्षा बैठक में आवारा गोवंश, एनटीपीसी मुद्दा, एमएसपी पर गारंटी कानून, किसानों की समस्याओं और संगठन के विस्तार पर चर्चा की गई। इस दौरान युवा प्रदेश अध्यक्ष चौधरी दिगंबर सिंह, मंडलाध्यक्ष राजकुमार तोमर, रामनिवास रघुवंशी, सतेंद्र भदौरिया, नवनीत यादव, बिन्नी प्रधान ,सोनवीर चौधरी और उदयवीर आदि मौजूद रहे।
Live Halchal Latest News, Updated News, Hindi News Portal