श्रीलंका ने एहसान मलिंगा के रिप्‍लेसमेंट का किया एलान, 8 T20I के अनुभवी खिलाड़ी को किया शामिल

श्रीलंका ने चोटिल एहसान मलिंगा के रिप्‍लेसमेंट के नाम की घोषणा कर दी है। टी20 वर्ल्‍ड कप 2026 में प्रमोद मदुशन को मलिंगा की जगह श्रीलंका स्‍क्‍वाड में शामिल किया गया है। एहसान मलिंगा कंधे में चोट के कारण टूर्नामेंट से बाहर हो गए हैं। प्रमोद मदुशन ने अपना आखिरी टी20 इंटरनेशनल मैच 2023 में खेला था। श्रीलंका अपने अभियान की शुरुआत 8 फरवरी को आयरलैंड के खिलाफ करेगा।

श्रीलंका ने टी20 वर्ल्‍ड कप 2026 के लिए चोटिल एहसान मलिंगा के रिप्‍लेसमेंट के नाम की घोषणा की। प्रमोद मदुशन टूर्नामेंट में मलिंगा की जगह लेंगे। मलिंगा को इंग्‍लैंड के खिलाफ हाल ही में संपन्‍न टी20 इंटरनेशनल सीरीज के दूसरे मुकाबले में कंधे में चोट लगी थी।

मैच में बारिश के बाद पहली गेंद डालने के दौरान मलिंगा के कंधे में चोट लगी थी। वह गेंद डालने के बाद गिर गए और बाएं कंधे में चोट लगी। इस कारण वो तीसरे टी20 इंटरनेशनल मैच से बाहर हुए।

मलिंगा-मदुशन का अनुभव
एहसान मलिंगा ने आईपीएल 2025 में अपने प्रदर्शन से काफी प्रभावित किया था, जिसके बाद उन्‍हें श्रीलंका के गेंदबाजी आक्रमण में जगह मिली थी। पिछले साल उन्‍होंने नवंबर में टी20 इंटरनेशनल डेब्‍यू किया और 9.41 की इकोनॉमी दर से आठ विकेट झटके।

एहसान मलिंगा के विकल्‍प प्रमोद मदुशन के पास आठ टी20 इंटरनेशनल मैचों का अनुभव है। उन्‍होंने 2022 में टी20 इंटरनेशनल डेब्‍यू किया था। उन्‍होंने अपना आखिरी टी20 इंटरनेशनल मैच 2023 में खेला था। मदुशन ने अब तक 8 मैचों में 8.63 की इकोनॉमी दर से 12 विकेट चटकाए।

ईटीसी ने दी मंजूरी
पता हो कि खिलाड़ी के विकल्‍प की मंजूरी इवेंट टेक्निकल कमेटी (ईटीसी) से लेनी होती है, जिसके बाद खिलाड़ी को आधिकारिक रूप से टीम के साथ जोड़ा जाता है। आईसीसी टी20 वर्ल्‍ड कप 2026 की ईटीसी में वसीम खान (आईसीसी के महाप्रबंधक), क्रिकेट (आईसीसी प्रतिनिधि), गौरव सक्‍सेना (आईबीसी प्रतिनिधि), हेमांग अमीन (मेजबान प्रतिनिधि) और शॉन पोलक (स्‍वतंत्र प्रतिनिधि) शामिल हैं।

श्रीलंका अपने अभियान की शुरुआत 8 फरवरी को आयरलैंड के खिलाफ कोलंबो में करेगा। श्रीलंका को ग्रुप बी में ओमान, ऑस्‍ट्रेलिया, जिम्‍बाब्‍वे और आयरलैंड के साथ रखा गया है।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com