मथुरा में ट्रक ड्रावर को पीट-पीटकर मार डाला, पुलिस ने चार आरोपी किए गिरफ्तार

मथुरा में ट्रक चालक को इस बात के लिए पीटा गया कि उसने कार को साइड नहीं दी। बुरी तरह से जख्मी ट्रक ड्राइवर को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।

मथुरा हाईवे पर जयगुरुदेव मंदिर के पास मंगलवार की शाम दबंग कार सवारों ने साइड देने में देरी होने पर ट्रक चालक को केबिन से खींचकर लाठी-डंडों से पीट-पीटकर अधमरा कर दिया। सैकड़ों की भीड़ तमाशबीन बनी रही मगर किसी ने उसे बचाने की कोशिश नहीं की। गंभीर घायल ट्रक चालक ने बुधवार की रात को दम तोड़ दिया। घटना का वीडियो वायरल होने पर एसएसपी के निर्देश के बाद पुलिस ने चार हत्यारोपियों को गिरफ्तार करके कार बरामद कर ली।

गांव कुंजलपुर, जलेसर, एटा का रहने वाला ट्रक चालक अनूप यादव शाम करीब सात बजे जयगुरुदेव आश्रम के पास से गुजर रहा था। इस दरम्यान जाम के कारण पीछे से आ रही बलेनो कार को साइड नहीं दे पा रहा था। मामूली बात पर कार सवारों ने ट्रक के आगे कार लगाकर रोक लिया। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि 8-10 दबंगों ने उसे केबिन से नीचे घसीटा और लोहे की रॉड, लाठी और ईंटों से पीटना शुरू कर दिया।

जमीन पर गिराकर पीट-पीटकर अधमरा कर दिया। इस दौरान जाम लग गया। तमाम वाहन चालक खड़े तमाशबीन बने रहे, किसी ने उसे बचाने की जहमत नहीं उठाई। घटना के बाद हमलवार उसे अधमरा छोड़कर भाग निकले। कुछ लोगों ने घायल अनूप को निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां बुधवार को उसकी मौत हो गई। घटना का वीडियो वायरल होने के बाद एसएसपी श्लोक कुमार ने सख्त कार्रवाई के आदेश दिए। हाईवे पुलिस ने वीडियो के आधार पर शिनाख्त करते हुए चार आरोपियों को दबोच लिया है।

इनमें नरहौली और फरह के रहने वाले योगेश, संदीप, पवन और लोकेंद्र को गिरफ्तार कर लिया। घटना में प्रयुक्त बलेनो गाड़ी बरामद है। एसएसपी ने बताया कि हाईवे पुलिस को घटना की जानकारी दूसरे दिन परिजन के मथुरा पहुंचने पर हो सकी। गैर इरादतन हत्या की प्राथमिकी दर्ज की गई है। अन्य हमलावरों की तलाश की जा रही है।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com