शेयर बाजार में 5 फरवरी को गिरावट के बीच एफएमसीजी शेयर तेजी दिखा रहे हैं, जो 15 महीने की मंदी के बाद वापसी के संकेत हैं। हिंदुस्तान यूनिलीवर और मैरिको जैसे शेयरों में उछाल है। विशेषज्ञों का मानना है कि महंगाई कम होने और कच्चे माल की कीमतें स्थिर होने से कंपनियों को राहत मिली है, जिससे निवेशक फिर से इन शेयरों की ओर आकर्षित हो रहे हैं।
शेयर बाजार (Share Market Down) में आज गिरावट के साथ कारोबार हो रहा है। सिर्फ एफएमसीजी और पीएसयू बैंक शेयरों के अलावा हर सेक्टर में बिकवाली हावी है। खास बात है कि एफएमसीजी शेयरों (FMCG Shares) में बड़े करेक्शन के बाद तेजी देखने को मिल रही है। इस सेक्टर के सबसे बड़े शेयर हिंदुस्तान यूनीलिवर में एक फीसदी से ज्यादा की तेजी है, जबकि मैरिको भी एक प्रतिशत मजबूत होकर कारोबार कर रहा है।
इसके अलावा, ब्रिटानिया और डाबर भी हल्की तेजी के साथ ट्रेड कर रहे हैं। नेस्ले इंडिया और आईटीसी में हल्की कमजोरी देखी जा रही है।
FMCG शेयरों में लंबे समय से मंदी हावी
खपत और डिमांड कमी के चलते एफएमसीजी सेक्टर के शेयरों में अक्तूबर 2024 से बड़ी गिरावट आई थी। सितंबर 2024 में इस इंडेक्स ने 66438 का ऑल टाइम हाई बनाया था और अब यह इंडेक्स 51114 पर ट्रेड कर रहा है। इस बीच मार्केट ऑल टाइम हाई लगा चुका है लेकिन एफएमसीजी शेयरों में कमजोरी बनी रही।
वहीं, पिछले महीने आईटीसी के शेयरों में भारी गिरावट के चलते एफएमसीजी शेयर और लुढ़क गया, लेकिन नेस्ले, मैरिको और ब्रिटानिया जैसे शेयरों में तेजी बनी रही।
क्या अब लगाना चाहिए FMCG शेयरों में पैसा?
वैल्थ मैनेजर और इंडिपेंडेंट मार्केट एक्सपर्ट, अभिषेक भट्ट का कहना है कि पिछले कुछ समय में महंगाई का दबाव थोड़ा कम हुआ है। कच्चे माल की कीमतें स्थिर हुई हैं और कंपनियों को भी सांस लेने की गुंजाइश मिली है। इसका असर धीरे-धीरे दुकानों की शेल्फ़ और कंपनियों की बैलेंस शीट दोनों पर दिखने लगा है। ऐसे में निवेशक फिर से एफएमसीजी शेयरों की ओर आकर्षित हो रहे हैं।
टॉप FMCG स्टॉक पिक
हाल ही में नेस्ले इंडिया, मैरिको, डाबर, आईटीसी और टाटा कंज्यूमर प्रोडक्ट्स ने अपने तीसरी तिमाही के नतीजे जारी किए, जो अनुमान के पास रहे।
घरेलू ब्रोकरेज फर्म मोतीलाल ओसवाल ने मैरिको के शेयरों पर टारगेट प्राइस 875 से बढ़ाकर 900 रुपये कर दिया है।
ग्लोबल ब्रोकरेज फर्म नोमुरा ने नेस्ले इंडिया के शेयरों पर पॉजिटिव नजरिया रखते हुए ‘BUY’ रेटिंग दी है और टारगेट प्राइस 1450 रुपये कर दिया है।
मोतीलाल ओसवाल ने डाबर के शेयरों पर न्यूट्रल रुख रखते हुए 535 रुपये टारगेट प्राइस दिया है।
HUL के शेयरों में तेजी पर एक्सपर्ट की राय
हिंदुस्तान यूनिलिवर के शेयरों में 5 फरवरी को तेजी देखी जा रही है। आनंद राठी इन्वेस्टमेंट सर्विसेज में इक्विटी रिसर्च के सीनियर मैनेजर, जिगर एस पटेल ने कहा है कि एचयूएल के शेयरों के लिए 2450 रुपये का स्तर एक अहम रेजिस्टेंस है जबकि 2350 पर एक बड़ा सपोर्ट है। अगर यह एफएमसीजी शेयर 2450 का लेवल तोड़ता है इसमें बड़ी तेजी देखने को मिल सकती है।
Live Halchal Latest News, Updated News, Hindi News Portal