इटालियन रेड सॉस पास्ता दुनिया भर में पसंद किया जाता है। ऐसे में अगर आप बाहर किसी रेस्टोरेंट या कैफे नहीं जाना चाहते, तो घर पर भी इसे आसानी से बना सकते हैं। इसमें ताजे टमाटर, लहसुन और मसालों का इस्तेमाल करके रेस्टोरेंट जैसा स्वाद पाने के लिए सामग्री और स्टेप-बाय-स्टेप प्रक्रिया शामिल है, जिससे आप मिनटों में यह व्यंजन तैयार कर सकते हैं।
इटालियन खाना पूरी दुनिया में अपने स्वाद के लिए जाने जाते हैं, और इनमें रेड सॉस पास्ता भारतीयों का सबसे पसंदीदा है। टमाटर की खटास, लहसुन की खुशबू और मसालों का तीखापन इस पास्ता को बेहद खास बनाता है।
कई लोग सोचते हैं कि रेस्टोरेंट जैसा स्वाद घर पर लाना मुश्किल है, लेकिन सही तकनीक और ताजी सामग्री के साथ आप इसे मिनटों में तैयार कर सकते हैं। आइए जानते हैं घर पर स्वादिष्ट रेड सॉस पास्ता बनाने की स्टेप-बाय-स्टेप रेसिपी।
सामग्री
पास्ता- 2 कप पास्ता, पानी और एक चम्मच नमक
सॉस के लिए- 4-5 पके हुए लाल टमाटर, 1 बड़ा चम्मच बारीक कटा लहसुन, 1 मध्यम प्याज (बारीक कटा हुआ)
मसाले- 1 छोटा चम्मच चिल्ली फ्लेक्स, 1 छोटा चम्मच ऑरेगैनो या इटालियन हर्ब्स, आधा चम्मच काली मिर्च पाउडर और स्वादानुसार नमक
अन्य- 2 बड़े चम्मच ऑलिव ऑयल, 1 छोटा चम्मच मक्खन, 2 चम्मच टोमेटो केचप और ढेर सारा मोजरेला चीज
बनाने की विधि
सबसे पहले एक बड़े बर्तन में 4-5 कप पानी उबालें। जब पानी उबलने लगे, तो उसमें नमक और पास्ता डालें। पास्ता को पूरा न पकाकर, 80-90% तक ही पकाएं। जब पास्ता पक जाए, तो इसका एक कप पानी अलग निकाल लें और बाकी पानी छानकर पास्ता पर थोड़ा ठंडा पानी डाल दें, ताकि वह आपस में चिपके नहीं।
बाजार के सॉस के बजाय ताजे टमाटर का सॉस सबसे बेहतर होता है। इसके लिए टमाटरों के ऊपर छोटा कट लगाएं और उन्हें 5 मिनट के लिए उबलते पानी में डाल दें। फिर छिलका उतारकर उन्हें पीस लें और एक स्मूथ प्यूरी बना लें।
अब एक पैन में तेल और मक्खन गरम करें। इसमें बारीक कटा लहसुन डालकर सुनहरा होने तक भूनें। अब प्याज डालें और नरम होने तक पकाएं। तैयार टमाटर की प्यूरी डालें और इसे तब तक पकाएं जब तक कि तेल अलग न होने लगे।
इसके बाद जब सॉस गाढ़ा हो जाए, तो इसमें नमक, काली मिर्च, चिल्ली फ्लेक्स और ऑरेगैनो मिलाएं। स्वाद में थोड़े मीठे और खट्टे का बैलेंस देने के लिए टोमेटो केचप डालें। अब इसमें उबला हुआ पास्ता और बचाया हुआ पास्ता पानी डालें।
इसके बाद पास्ता को सॉस के साथ 2 मिनट तक धीमी आंच पर पकाएं। ऊपर से कद्दूकस किया हुआ चीज डालें और ढक्कन लगाकर 1 मिनट के लिए छोड़ दें, ताकि सारा चीज पिघल जाए।
Live Halchal Latest News, Updated News, Hindi News Portal