हरियाणा सरकार आगामी 17 सितंबर से 2 अक्तूबर तक प्रदेश में व्यापक स्वस्थ नारी सशक्त परिवार अभियान शुरू करने जा रही है। इस महत्वाकांक्षी अभियान का शुभारम्भ केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा और मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी 17 सितंबर को रोहतक में संयुक्त रूप से करेंगे। इसी दिन प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी अपने जन्मदिन पर मध्य प्रदेश से राष्ट्रव्यापी अभियान की शुरुआत करेंगे।
कार्यक्रम की तैयारियों की समीक्षा को लेकर आज मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी की अध्यक्षता में उच्च स्तरीय बैठक हुई। मुख्य सचिव ने बताया कि रोहतक स्थित महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय के परिसर में विशेष स्वास्थ्य क्योस्क स्थापित किए जाएंगे, जहां महिलाओं की संपूर्ण स्वास्थ्य जांच होगी। इसमें उच्च रक्तचाप, कैंसर, एनीमिया और जीवनशैली से जुड़ी बीमारियों की स्क्रीनिंग शामिल होगी। उन्होंने निर्देश दिए कि एमडीयू ऑडिटोरियम में एक वरिष्ठ चिकित्सक को ओवरऑल इंचार्ज नियुक्त किया जाए और कार्यक्रम की सुचारू व्यवस्था हेतु जिला प्रशासन से एक वरिष्ठ अधिकारी को भी तैनात किया जाए।
स्वास्थ्य विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव सुधीर राजपाल ने बताया कि इस अभियान से प्रदेशभर में व्यापक रूप से स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच बढ़ेगी। इसके अंतर्गत सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों (सीएचसी) पर 122 विशेष स्वास्थ्य शिविर लगाए जाएंगे। इन शिविरों में स्त्री रोग, बाल रोग, नेत्र रोग, ईएनटी, दंत चिकित्सा, त्वचा रोग तथा मनोचिकित्सा से संबंधित सेवाएं उपलब्ध होंगी। प्रत्येक शिविर में लगभग 300 मरीजों की जांच का लक्ष्य रखा गया है।
Live Halchal Latest News, Updated News, Hindi News Portal