पौराणिक काल के ये हैं सबसे प्रसिद्ध नाग, आज भी होती है इनकी पूजा

सावन मास के शुक्ल पक्ष की पंचमी को नाग पंचमी मनाई जाती है। इस दिन शिव पार्वती और नाग देवताओं की पूजा होती है। इस मौके पर वासुकि शेषनाग और तक्षक जैसे प्रसिद्ध नागों का स्मरण किया जाता है। आइए आज इस मौके पर जानते हैं इन नागों के बारे में…

सावन महीने के शुक्ल पक्ष की पंचमी तिथि को नाग पंचमी (Nag Panchami 2025) का पर्व मानते हैं। इस बार नाग पंचमी का त्योहार मंगलवार 29 जुलाई को मनाया जाएगा। इस दिन भगवान शिव, माता पार्वती और नाग देवताओं की पूजा की जाती है।

इस मौके पर हम आपको पौराणिक काल के उन प्रसिद्ध नागों के बारे में बताने जा रहे हैं, जिनकी आज भी पूजा की जाती है। इनमें शेषनाग, वासुकि और तक्षक सबसे प्रसिद्ध नाग रहे हैं। आइए जानते हैं उनके बारे में…

वासुकि नाग
देवाधिदेव महादेव के गले में हार की तरह सुशोभित होने वाले वासुकि को नागों का राजा कहा जाता है। इस प्रजाति के नागों को महर्षि कश्यप और कद्रू की संतान माना जाता है। इनकी पत्नी का नाम शतशीर्षा है। कहते हैं कि समुद्र मंथन के समय रस्सी के रूप में नागराज वासुकि का प्रयोग किया गया था।

शेषनाग
शेषनाग की माता का नाम कद्रू था। उनकी मां और भाइयों ने मिलकर कश्यप ऋषि की दूसरी पत्‍नी विनता के साथ छल किया था। यह देखकर वह अपनी मां और भाइयों का साथ छोड़कर गंधमादन पर्वत पर तपस्या करने चले गए। इससे प्रसन्न होकर ब्रह्मा ने उन्हें वरदान दिया कि तुम्हारी बुद्धि कभी धर्म से विचलित नहीं होगी।

ब्रह्मा ने शेषनाग को पृथ्वी को अपने फन पर धारण कर स्थिर करने को कहा था। क्षीरसागर में भगवान विष्णु शेषनाग की शैय्या पर ही लेटते हैं। धरती पर भगवान श्रीराम के छोटे भाई लक्ष्मण और श्रीकृष्ण के बड़े भाई बलराम के रूप में शेषनाग ने ही अवतार लिया था।

तक्षक नाग
पाताल में रहने वाले तक्षक का संबंध महाभारत काल से जुड़ा माना जाता है। कहते हैं कि श्रृंगी ऋषि के शाप के कारण तक्षक ने राजा परीक्षित को डंसा था। इसका बदला लेने के लिए परीक्षित के पुत्र जनमेजय ने नाग वंश को खत्म करने के लिए सर्प यज्ञ किया था।

मगर, आस्तिक ऋषि के कहने पर जनमेजय ने सर्प यज्ञ रोक दिया और तक्षक के प्राण बचा लिए थे। उस दिन सावन की पंचमी तिथि थी। कहते हैं कि तब नागों ने आस्तिक मुनि को वचन दिया था कि जो भी नाग पंचमी पर नागों की पूजा करेगा, उसे सर्प दंश का भय नहीं होगा।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com