महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के अनुसार यह परियोजना केवल महाराष्ट्र तक सीमित नहीं रहेगी बल्कि भारत के रचनात्मक प्रौद्योगिकी क्षेत्र के लिए एक मील का पत्थर साबित होगी। फडणवीस ने कहा है कि आईआईसीटी न सिर्फ एक शैक्षणिक संस्थान होगा बल्कि रचनात्मक प्रौद्योगिकी उद्योग में नवाचार को आगे बढ़ाने वाला एक अग्रणी केंद्र भी होगा। यह इस क्षेत्र में भारत को वैश्विक स्तर पर आगे बढ़ाएगा।
IIT की तर्ज पर मुंबई में बनेगा IICT
राज्य ब्यूरो, मुंबई। मनोरंजन क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण घटनाक्रम के तहत प्रतिष्ठित आईआईटी (भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान) की तर्ज पर 400 करोड़ रुपए की लागत से मुंबई के गोरेगांव में फिल्म सिटी के पास भारतीय रचनात्मक प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईसीटी) की स्थापना की जाएगी।
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के अनुसार यह परियोजना केवल महाराष्ट्र तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि भारत के रचनात्मक प्रौद्योगिकी क्षेत्र के लिए एक मील का पत्थर साबित होगी। फडणवीस ने कहा है कि आईआईसीटी न सिर्फ एक शैक्षणिक संस्थान होगा, बल्कि रचनात्मक प्रौद्योगिकी उद्योग में नवाचार को आगे बढ़ाने वाला एक अग्रणी केंद्र भी होगा। यह इस क्षेत्र में भारत को वैश्विक स्तर पर आगे बढ़ाएगा।
प्रमुख केंद्र के तौर पर काम करेगा ये संस्थान
आईआईटी बॉम्बे की तरह यह संस्थान भारत में रचनात्मक प्रौद्योगिकी शिक्षा और अनुसंधान के लिए एक प्रमुख केंद्र के रूप में काम करेगा। महाराष्ट्र सरकार ने इस परियोजना के लिए गोरेगांव फिल्म सिटी में भूमि आवंटित कर दी है। फडणवीस के अनुसार मुंबई पहले से ही बॉलीवुड और मनोरंजन उद्योग का केंद्र है।
अब मुंबई में खुलनेवाला यह नया संस्थान भारत के रचनात्मक उद्योग को विश्वस्तरीय मंच प्रदान करेगा। जिस तरह दावोस वित्तीय क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण है, उसी तरह यह संस्थान रचनात्मक प्रौद्योगिकी क्षेत्र के लिए एक वैश्विक ब्रांड बनकर उभरेगा।
देवेंद्र फडणवीस ने कहा-राज्य के लिए गर्व की बात
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने यह बात पिछले दिनों दिल्ली में विश्व दृश्य-श्रव्य एवं मनोरंजन शिखर सम्मेलन (वेव्ज-2025) के प्रथम सत्र में भाग लेने के एक दिन बाद कही थी। फडणवीस ने इस वैश्विक शिखर सम्मेलन के प्रथम संस्करण की मेजबानी का अधिकार महाराष्ट्र को प्राप्त होने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को धन्यवाद देते हुए कहा था कि यह राज्य के लिए गर्व की बात है।
यह भव्य सम्मेलन 1-4 मई, 2025 तक मुंबई के जियो कन्वेंशन सेंटर में आयोजित होगा। जिसका उद्घाटन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी करेंगे। इस सम्मेलन में 130 देशों के मीडिया, मनोरंजन, फिल्म एवं संस्कृति से जुड़े लोग भाग लेने के लिए मुंबई पहुंचेंगे।
मुंबई की एक मेट्रो लाइन का भी उद्घाटन
प्रधानमंत्री मोदी के इस सम्मेलन में भाग लेने के अलावा उसी दिन मुंबई की एक मेट्रो लाइन एवं मुंबई-नागपुर समृद्धि महामार्ग के अंतिम चरण का उद्घाटन करने की भी संभावना है।