एनसीपी ने जारी की 49 प्रत्याशियों की सूची

महाराष्ट्र विधानसभा की सभी 288 सीटों पर नामांकन प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। इस बीच रविवार देर रात राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) ने अपने 49 उम्मीदवारों की सूची जारी की। पार्टी के मुख्य राष्ट्रीय प्रवक्ता बृजमोहन श्रीवास्तव ने रविवार को एक प्रेस नोट में यह जानकारी साझा की। उन्होंने कहा कि उम्मीदवारों का अंतिम चयन संसदीय बोर्ड की बैठकों में किया गया।

सना मलिक को अनुशक्ति नगर से टिकट

एनसीपी नेता नवाब मलिक की बेटी सना मलिक को अनुशक्ति नगर निर्वाचन क्षेत्र से मैदान में उतारा गया है। दिवंगत नेता बाबा सिद्दीकी के बेटे जीशान सिद्दीकी को बांद्रा पूर्व से प्रत्याशी बनाया गया है। एनसीपी की तीसरी सूची में गेवराई निर्वाचन क्षेत्र से विजय सिंह पंडित, फलटन से सचिन सुधाकर पाटिल, निफाड़ से दिलीपकाका बांकर और पारनेर विधानसभा सीट पर काशीनाथ दांते को उतारा गया है।

पूर्व भाजपा नेता को भी बनाया प्रत्याशी

एनसीपी ने 25 अक्टूबर को अपनी दूसरी सूची घोषित की थी। एनसीपी की दूसरी सूची में इस्लामपुर से पूर्व भाजपा नेता निशिकांत पाटिल और तासगांव-कवठे महांकाल से संजयकाका रामचंद्र पाटिल को टिकट दिया गया। 20 नवंबर को महाराष्ट्र में एक चरण में सभी सीटों पर मतदान है। 23 नवंबर को रिजल्ट घोषित होंगे।

संसदीय बोर्ड ने तय की टिकट

विज्ञप्ति में कहा गया है कि अब तक कुल 49 उम्मीदवारों के नाम तय हो चुके हैं। उम्मीदवार चयन प्रक्रिया की देखरेख राष्ट्रीय अध्यक्ष अजीत पवार की अध्यक्षता में एनसीपी संसदीय बोर्ड ने की। बैठक में राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष प्रफुल्ल पटेल, प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद सुनील तटकरे और बोर्ड के अन्य सदस्य मौजूद रहे। एनसीपी ने पहले चरण में 38, दूसरे में सात और तीसरे चरण में चार प्रत्याशियों का एलान किया।

शिवसेना ने भी जारी की प्रत्याशियों की सूची

रविवार की रात कांग्रेस ने 14 प्रत्याशियों का एलान किया। वहीं शिवसेना (एकनाथ शिंदे गुट) ने 20 प्रत्याशियों की घोषणा की। शिवसेना अभी तक 65 और कांग्रेस कुल 99 उम्मीदवारों का एलान कर चुकी है। 2014 महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में 122 सीटों पर जीत दर्ज कर भाजपा सबसे बड़ी पार्टी बनी थी। शिवसेना को 63 सीटों पर जीत मिली थी। कांग्रेस ने 42 सीटों पर कब्जा जमाया था। राष्ट्रवादी कांग्रेस (एनसीपी) के प्रत्याशियों ने 41 सीटों पर जीत दर्ज की थी।

2019 विधानसभा चुनाव का हाल

महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव 2019 में भी भाजपा 105 सीटों पर जीतकर सबसे बड़ी पार्टी बनी थी। 56 सीटों के साथ दूसरे नंबर पर शिवसेना रही। एनसीपी को 13 सीटों का फायदा हुआ। उसने कुल 54 सीटों पर जीत दर्ज की। कांग्रेस के खाते में 44 सीटें आई थीं।

एमवीए और महायुति में मुकाबला

महाराष्ट्र में मुख्य मुकाबला महायुति और महाविकास अघाड़ी गठबंधन के बीच है। महायुति सत्तारूढ़ गठबंधन है। इसमें भाजपा, शिवसेना और अजित पवार की नेतृत्व वाली राष्ट्रवादी कांग्रेस (एनसीपी) शामिल है। वहीं महाविकास अघाड़ी विपक्षी गठबंधन है। इसमें मुख्यत: शिवसेना (यूबीटी), कांग्रेस और राष्ट्रवादी कांग्रेस (शरद पवार) शामिल है।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com