टोहाना में नायब सैनी की रैली: पहले बराला के आवास पर जाएंगे सीएम

प्रदेश के मुख्यमंत्री नायब सैनी शनिवार दोपहर को टोहाना पहुंचेंगे। वह पहले राज्यसभा सांसद और भाजपा के वरिष्ठ नेता सुभाष बराला के आवास पर जाएंगे। इसके बाद टोहाना की अनाज मंडी में भाजपा प्रत्याशी देवेंद्र सिंह बबली के नामांकन समारोह में शामिल होंगे। नामांकन समारोह में सुभाष बराला की उपस्थिति रहेगी या नहीं, इस पर भी सभी की नजरें टिकी हुई है।

गौरतलब है कि जजपा की टिकट पर साल 2019 में विधायक बने देवेंद्र सिंह बबली ने जजपा छोड़ने के बाद कांग्रेस की टिकट मांगी थी। मगर कांग्रेस से उनको ज्यादा तवज्जो नहीं मिली, इसके बाद उन्होंने सोमवार 2 सितंबर को भाजपा का दामन थाम लिया। दो दिन बाद ही भाजपा ने उन्हें टोहाना से उम्मीदवार बना दिया।

सुभाष बराला और देवेंद्र बबली में रहा है 36 का आंकड़ा
टोहाना की राजनीति के दोनों धुरंधर सुभाष बराला और देवेंद्र बबली में अब तक 36 का आंकड़ा रहा है। दोनों दो बार आमने-सामने चुनाव भी लड़ चुके हैं। देवेंद्र सिंह बबली भाजपा की टिकट मिलने के बाद शुक्रवार को सुभाष बराला के आवास पर गए और उनसे करीब आधे घंटे तक चर्चा की। बबली ने नामांकन समारोह में शामिल होने का भी निमंत्रण बराला को दिया। देवेंद्र बबली ने मीडिया से भी कहा कि सुभाष बराला के साथ उनके मनभेद नहीं बल्कि मतभेद थे। जो अब दूर हो चुके हैं। अब दोनों भाजपा की मजबूती के लिए काम करेंगे।

बराला के आवास और बबली के नामांकन समारोह में पहुंच रहे लोग
टोहाना की अनाज मंडी में बबली के नामांकन समारोह का मंच व पंडाल सज चुका है। वहीं, दूसरी तरफ सुभाष बराला अपने आवास पर ही कार्यकर्ताओं से मुलाकात कर रहे हैं। कयास लगाए जा रहे हैं कि मुख्यमंत्री सुभाष बराला के आवास पर पहुंच कर उन्हें अपने साथ ही देवेंद्र बबली के नामांकन समारोह में लेकर जाएंगे, ताकि भाजपा एकजुट दिखाई दें।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com