‘द व्हाइट लोटस सीजन 3’ का फर्स्ट लुक जारी कर दिया गया है। इसमें ‘ब्लैकपिंक’ की सदस्य लिसा भी दिखाई देंगी।
‘द व्हाइट लोटस’ के तीसरे सीजन का फर्स्ट लुक रिलीज हो गया है। यह एक अमेरिकी ब्लैक कॉमेडी सीरीज है, जिसका पहला सीजन 2021 में रिलीज हुआ था और दूसरा सीजन 2022 में आया था। ‘द व्हाइट लोटस’ का नया सीजन खास होने वाला है। दरअसल, पहले सीजन में दिखाई दी नताशा रोथवेल तीसरे सीजन में वापसी करने जा रही हैं।
‘द व्हाइट लोटस सीजन 3’ के फर्स्ट लुक में सीरीज के किरदार थाईलैंड में छुट्टियां मनाते दिखाई दे रहे हैं। सोशल मीडिया पर इसका वीडियो जारी करते हुए निर्माताओं ने लिखा कि थाईलैंड में नई विलासिताएं आपका इंतजार कर रही हैं। फर्स्ट लुक वीडियो में पैट्रिक श्वार्जनेगर, पार्कर पोसी, सारा कैथरीन हुक, जेसन इसाक और सैम निवोला को देखा जा सकता है।
तीसरा सीजन एक और वजह से खास होने वाला है। इसमें लिसा भी दिखाई देंगी, जो साउथ कोरियन गर्ल ग्रुप ‘ब्लैकपिंक’ की सदस्य हैं। हालांकि, उनका लुक अभी सामने नहीं आया है और उनके प्रशंसक इसका इंतजार कर रहे हैं। सीरीज के टाइटल क्रेडिट में उनका नया नाम लालिसा मैनोबल लिखा हुआ दिखेगा।
इस सीजन के बारे में ऐसा कहा जाता है कि दीपिका पादुकोण ने इसमें काम करने का ऑफर ठुकरा दिया था। ‘फाइटर’ फिल्म की प्रेस वार्ता के दौरान दीपिका से ‘द व्हाइट लोटस’ में काम करने को लेकर सवाल पूछा गया था, जिसके बारे में उन्होंने कुछ नहीं कहा था। बता दें कि ‘द व्हाइट लोटस सीजन 3’ 2025 में रिलीज होगा।
Live Halchal Latest News, Updated News, Hindi News Portal