महापौर और पार्षदों के कार्यकाल के अंतिम वर्ष में छह पार्षदों को निर्विरोध कार्यकारिणी सदस्य चुन लिया गया। भाजपा ने तीन महिला पार्षदों को कार्यकारिणी सदस्यों के लिए हुए चुनाव में उम्मीदवार बनाया था, जो निर्विरोध चुन ली गईं। इसमे गणेशगंज बशीरतगंज वार्ड से पार्षद शशि गुप्ता, लोहियानगर वार्ड से पार्षद मिथिलेश चौहान, आलमनगर वार्ड की पार्षद रेखा सिंह है, जबकि भाजपा से चौथे उम्मीदवार और लाल बहादुर शास्त्री वार्ड (द्वितीय) से मनोज अवस्थी भी निर्विरोध चुने गए।

समाजवादी पार्टी ने गढ़ी पीर खां वार्ड से अयार्जुरहमान और फैजुल्लागंज वार्ड (द्वितीय) से जगलाल यादव को उम्मीदवार बनाया था, जो निर्विरोध चुने गए। मतों की संख्या के हिसाब से भाजपा से चार और सपा से दो पार्षदों का चुना जाना तय था। नगर निगम के नीतिगत निर्णय लेने के लिए महापौर की अध्यक्षता वाली 12 सदस्यीय कार्यकारिणी ही अधिकृत है। जनवरी में छह कार्यकारिणी सदस्यों का कार्यकाल खत्म होने से नगर निगम के नीतिगत निर्णय पर कोई सहमति नहीं बन पा रही थी। आचार संहिता के चलते चुनाव नहीं हो पा रहे थे और इस कारण नगर निगम का वित्तीय वर्ष 2022-23 का बजट भी पास नहीं हो पाया है। अब पूर्ण कार्यकारिणी गठित होने के बाद बजट पर चर्चा होगी।
शनिवार को नगर निगम कार्यकारिणी के छह सदस्यों को चुनने के लिए सदन बुलाया गया था। कल रात तक समाजवादी पार्टी और भाजपा ने अपने उम्मीदवारों के पत्ते नहीं खोले थे। मतों के हिसाब से भाजपा से चार और सपा से दो पार्षदों का चयन होना था। दरअसल कार्यकाल का अंतिम वर्ष होने के कारण हर पार्षद कार्यकारिणी के छह सदस्य बनने के लिए व्याकुल दिख रहा था। शनिवार को सदन की कार्यवाही दोपहर बारह बजे से चालू हुई और नामांकन के बाद उम्मीदवारों निर्विरोध चुन लिया गया। जिन पार्षदों का कार्यकारिणी सदस्य का कार्यकाल खत्म हो चुका है, उसमे रजनीश कुमार गुप्ता, हरिशचंद्र लोधी, राम कुमार वर्मा, साधना वर्मा, सै. यावर हुसैन रेशू और ताराचंद्र रावत हैं।
Live Halchal Latest News, Updated News, Hindi News Portal