हडकंप : यूपी के टूंडला में भाजपा नेता दयाशंकर गुप्ता की हत्या

टूंडला में भाजपा नेता दयाशंकर गुप्ता की हत्या के बाद फिरोजाबाद से लेकर आगरा तक हंगामा मच गया। गोली लगने से घायल भाजपा नेता को देर रात आगरा के अस्पताल में लाया गया। यहां पर उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने का प्रयास किया, लेकिन परिजन फिरोजाबाद ले जाना चाहते थे। इस पर हंगामा हो गया। सूचना पर एडीजी अजय आनंद सहित पुलिस के आला अधिकारी पहुंच गए। उन्होंने पुलिस के साथ शव को फिरोजाबाद के लिए भिजवा दिया। उधर, टूंडला में भी आक्रोशित लोगों ने जमकर हंगामा किया।

फिरोजाबाद जिले के थाना नारखी के नगला बीच निवासी व्यापारी और भाजपा नेता दयाशंकर गुप्ता को तीन बदमाशों ने गोली मार दी थी। वारदात शुक्रवार रात तकरीबन आठ बजे हुई, जब भाजपा नेता अपनी दुकान बंद करा रहे थे। गोली लगने से घायल भाजपा नेता को परिजन आगरा लेकर आए थे। पहले दिल्ली गेट स्थित पुष्पांजलि हॉस्पिटल में लेकर गए। वहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। बाद में राम रघु अस्पताल में लेकर आए। यहां भी मृत घोषित कर दिया गया। इससे परिजन आक्रोशित हो गए। सूचना पर थाना हरीपर्वत की फोर्स पहुंच गई।

भाजपा नेता का शव एंबुलेंस में रखा हुआ था। गुस्साए लोगों ने एमजी रोड पर जाम लगा दिया। पुलिस ने उन्हें समझाने का प्रयास किया, लेकिन वे नहीं माने। सूचना मिलते ही एडीजी अजय आनंद, आईजी ए सतीश गणेश, एसएसपी बबलू कुमार, एसपी सिटी बोत्रे रोहन प्रमोद पहुंच गए। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने का प्रयास किया, लेकिन परिजन फिरोजाबाद में ही पोस्टमार्टम कराना चाहते थे। रात तकरीबन 11.15 बजे पुलिस के साथ ही शव को एंबुलेंस से फिरोजाबाद ले जाया गया।

भाजपा नेता की मौत की जानकारी मिलते ही फिरोजाबाद पुलिस प्रशासन हरकत में आ गया। एसएसपी सचिंद्र पटेल, एसपी सिटी मुकेशचंद्र मिश्रा, पुलिस क्षेत्राधिकारी देवेंद्र कुमार, सर्किल के चारों थानों के प्रभारी पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए। परिजनों और व्यापारियों के आक्रोश को देखते हुए नगला बीच को छावनी में तब्दील कर दिया गया। इससे पूर्व गुस्साए लोगों ने एटा मार्ग पर जाम लगाकर हंगामा किया।

नगला बीच में भाजपा नेता की हत्या के बाद से दहशत का माहौल है। सूचना मिलने के बाद देर रात तक घटनास्थल और नगला बीच में भाजपा नेताओं का जमघट लग गया। कहीं कोई अप्रिय घटना न हो जाए इसलिए बड़ी संख्या में पुलिस बल को तैनात किया गया है। भाजपा जिलाध्यक्ष मानवेंद्र प्रताप सिंह लोधी ने कहा कि बहुत ही दुखद घटना है। हम पुलिस से मांग करते हैं कि जल्द से इसका खुलासा हो।

 

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com