सपा अध्यक्ष और प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कल हाथरस में पीड़ित परिवार से मिलने के लिए जा सकते हैं। अखिलेश बाहर गए हुए थे लेकिन उनके निर्देश पर सपा का एक प्रतिनिधिमंडल बृहस्पतिवार को हाथरस गया था। इस प्रतिनिधिमंडल को पीड़ित परिवार तक नहीं जाने दिया गया था। अब अखिलेश यादव कल हाथरस जा सकते हैं।

पार्टी सूत्रों के मुताबिक वह शनिवार रात को दिल्ली लौट आएंगे। दिल्ली से लखनऊ आने के बजाय वह सीधे हाथरस जा सकते हैं। सपा के सूत्रों ने इसकी अधिकृत तौर पर पुष्टि नहीं की है लेकिन सपा अध्यक्ष के हाथरस जाने की संभावना से इनकार भी नहीं किया है।
बता दें कि हाथरस कांड को लेकर यूपी में बवाल जारी है। इसे लेकर शुक्रवार सुबह हजरतगंज में समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन व नारेबाजी की जिस पर पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया और ले जाने लगी लेकिन सपाई फिर सड़कों पर आ गए और नारेबाजी करने लगे। कुछ देर के लिए पुलिस भी बेबस रही।
वहीं, समाजवादी पार्टी द्वारा प्रदर्शन करने पर अयोध्या नगर कोतवाली में उपनिरीक्षक सुनील यादव की तहरीर पर सपा नेता जय सिंह यादव समेत 13 लोगों के खिलाफ धारा 144 का उल्लंघन और महामारी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। इन सभी ने अयोध्या में कैंडल मार्च निकाला था।
पुलिस ने प्रदर्शन में शामिल पूर्व विधायक इंदल रावत को भी गिरफ्तार कर लिया। सपाइयों का कहना है कि प्रदेश में जंगलराज है। कानून-व्यवस्था पूरी तरह फेल हो चुकी है। योगी आदित्यनाथ से राज्य नहीं संभल रहा है उन्हें इस्तीफा दे देना चाहिए।
बता दें कि सपाइयों ने गुरुवार को भी प्रदर्शन किया था। दरअसल हाथरस कांड पर सरकार व प्रशासन की लापरवाही से पीड़िता जीवित नहीं बच सकी और जब विपक्ष ने आवाज उठाई तो सरकार सवालों के घेरे में आ गई।
Live Halchal Latest News, Updated News, Hindi News Portal