यूपी में कोरोना के मरीजों का आंकड़ा हुआ 2342, मृतकों की संख्या हुई 42

लखनऊ केजीएमयू में जांच किए गए 865 सैंपल में 14 मरीज कोविड 19 पॉजिटिव हैं। 14 नए मरीजों में अलीगढ़ के सात, आगरा के चार और लखनऊ तीन मरीज शामिल हैं। यूपी में अब तक कोरोना मरीजों की संख्या 2342 हो गई है।  कोरोना से मृतकों की संख्या 42 पहुंच गई है। वहीं 654 मरीज इलाज के बाद ठीक हो चुके हैं। अब तक मिले कुल केसों में तब्लीगी जमात और इनसे संबद्ध व्यक्तियों की संख्या 1117 है।

कोरोना का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। शुक्रवार को लखनऊ में सात लोग कोरोना वायरस की चपेट में आ गए हैं। ट्रामा सेंटर में तैनात नर्स के नक्खास स्थित घर के आसपास के पांच लोग संक्रमण की चपेट में आ गए हैं। यही नहीं नर्स की मां के बाद अब उसकी बहन में भी वायरस मिले हैं। लगातार नक्खास में बढ़ते मामलों को लेकर स्थानीय लोगों में चिंता बढ़ गई है। स्वास्थ विभाग टीमें नक्खास में लोगों की टेस्टिंग करने में जुटी हुई हैं। हॉटस्पॉट भी घोषित कर दिया गया है। इसके बावजूद स्थितियां काबू में नहीं आ रही है। वहीं लालबाग में सब्जी वाले के परिवार का सदस्य संक्रमित हो गया है। लालबाग में भी लोगों में भय है।

पीजीआई में भर्ती संक्रमित छह मरीजों की दूसरी रिपोर्ट भी पॉजिटिव
पीजीआई के कोविड अस्पताल में भर्ती आधा दर्जन संक्रमित मरीजों के संक्रमण की दूसरी रिपोर्ट भी पॉजिटिव आयी है। इनकी सेहत में सुधार होने पर ही पीजीआई प्रशासन ने इनके नमूने जांच के लिए भेजे थे। इन्हें बुखार, सर्दी और खांसी के लक्षण नही हैं। मौजूदा समय मे 13 संक्रमित आइसोलेशन वार्ड में भर्ती हैं। इनकी सेहत में सुधार होने के बाद ही इन्हें आईसीयू से हटाकर आइसोलेशन वार्ड में शिफ्ट किया गया था। इन मरीजों के नमूने दो दिन पहले जांच के लिए भेजे गए थे। जिसकी रिपोर्ट पॉजिटिव आयी है।

बुजुर्ग महिला ऑक्सीजन के सहारे
कोविड अस्पताल में गुरुवार को भर्ती हुई 90 साल की बुजुर्ग महिला ऑक्सीजन के सहारे है। महिला को सांस लेने में तकलीफ के चलते आईसीयू में भर्ती किया गया था। जबकि यहां भर्ती अन्य छह मरीज की सेहत स्थिर बनी हुई है। इनमें आगरा के चार मरीज भी शामिल हैं। कोविड अस्पताल में कुल 20 मरीज भर्ती हैं।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com