अयोध्या में श्रीराम मंदिर निर्माण के लिए रास्ता आसान हाने के साथ ही रोडवेज प्रयागराज ने भी यात्रियों को नई सुविधा उपलब्ध करा दी है। अभी तक अयोध्या के लिए 23 साधारण बसों का संचालन हो रहा था, फरवरी की शुरुआत होते ही रोडवेज ने दो एसी जनरथ बसें भी चला दी हैं। इन एसी बसों का समय ऐसे निर्धारित किया गया है जिससे कि लोग एक ही दिन में अयोध्या जाकर दर्शन कर और आरती देखकर प्रयागराज लौट भी सकते हैं।
प्रयाग डिपो से बांसी के लिए आरामदायक जनरथ बस सेवा
रोडवेज की नई व्यवस्था के अनुसार प्रयाग डिपो से बांसी के लिए आरामदायक जनरथ बस सुबह 7.16 बजे चलाई जा रही है। यह बस अयोध्या दिन में करीब 12 बजे पहुंचती है। वहीं प्रयाग डिपो से दूसरी जनरथ बस सुबह 9.15 बजे बहराइच के लिए चलाई जा रही है। यह बस दोपहर करीब दो बजे अयोध्या पहुंच रही है। वापसी में बांसी से प्रयागराज के लिए चलने वाली बस रात करीब 10 बजे अयोध्या पहुंच रही है। इससे अयोध्या में दर्शन व पूजन करने के बाद यात्री लौट सकते हैं। किसी वजह से बस न मिले तो बहराइच से प्रयागराज आने वाली बस अयोध्या में रात 11.45 बजे पहुंचती है। उससे आप आ सकते हैं।
रोडवेज प्रयागराज को मिलीं 10 नई बसें
उप्र राज्य सड़क परिवहन निगम ने रोडवेज प्रयागराज को 10 नई जनरथ बसें उपलब्ध कराई हैं। इनमें आठ बसें प्रयागराज में विभिन्न डिपो से चलेंगी। दो बसें प्रतापगढ़ डिपो को दी जाएंगी।
दिल्ली के लिए जनरथ सेवा अगले सप्ताह
सिविल लाइंस स्टेशन के लीडर रोड डिपो से दिल्ली के लिए जल्द दो एसी जनरथ बसें चलाएगा। रजिस्ट्रेशन पूरा होते ही शुरू हो जाएंगी। यह बसें कानपुर, इटावा होते हुए दिल्ली तक जाएंगी।
बोले प्रयाग डिपो के सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक
प्रयाग डिपो के सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक वीएन तिवारी कहते हैं कि जो लोग दिक्कत या गर्मी के कारण अयोध्या नहीं जा पाते, उनके लिए विशेष सुविधा शुरू की गई है। इसमें सीटें भी दोनों तरफ दो-दो हैं, जिससे बैठने में आराम मिलेगा।
Live Halchal Latest News, Updated News, Hindi News Portal