कश्मीर घाटी और लद्दाख में पारा शून्य से नीचे: मैदानी इलाको का ठंड से बुरा हाल जारी

हिमाचल प्रदेश और उत्तर प्रदेश के कई स्थानों पर शनिवार को बारिश होने की वजह से उत्तर भारत में शीत लहर की स्थिति बनी रही। ठंड से फिलहाल राहत मिलने के आसार नहीं हैं। वहीं, कश्मीर घाटी और लद्दाख में पारा शून्य से नीचे रहा। राष्ट्रीय राजधानी में शनिवार सुबह कोहरे की एक मोटी चादर ने ढंक लिया। शहर में सुबह का न्यूनतम तापमान सामान्य से एक डिग्री अधिक 8.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया और घने कोहरे के कारण सुबह के समय पालम क्षेत्र में दृश्यता 50 मीटर से कम हो गई।

रेलवे के एक प्रवक्ता ने कहा कि उत्तर की ओर जाने वाली लगभग 20 ट्रेनें दो से पांच घंटे की देरी से चल रही हैं। भारत मौसम विज्ञान विभाग के क्षेत्रीय पूर्वानुमान केंद्र के प्रमुख कुलदीप श्रीवास्तव ने कहा कि पश्चिमी विक्षोभ के कारण दिल्ली में 21 जनवरी को हल्की बारिश हो सकती है, लेकिन अगले आठ से 10 दिनों में तापमान में भारी गिरावट की उम्मीद नहीं है।

हिमाचल प्रदेश में, शिमला में हल्की बर्फबारी हुई जबकि राज्य के कुछ हिस्सों में बारिश हुई। मनाली, कुफरी और डलहौजी सहित कई पर्यटन स्थलों में पारा शून्य के नीचे होने से ठंड ज्यादा बढ़ गई है। शनिवार को सुबह 8.30 बजे दर्ज किए गए आंकड़ों के अनुसार, किन्नौर के कल्पा में पिछले 24 घंटों में 24.4 सेमी बर्फबारी हुई। डलहौजी में 4 मिमी बारिश हुई, इसके बाद मनाली (2 मिमी) और चंबा (1 मिमी) बारिश हुई।

मौसम विभाग ने कहा कि उत्तर प्रदेश में शनिवार को हल्की से मध्यम बारिश और गरज के साथ हल्की बारिश हुई। इसने कहा कि पूर्वी उत्तर प्रदेश के कुछ स्थानों पर और इसके पश्चिमी भागों में अलग-अलग स्थानों पर घना कोहरा छाया हुआ है। मौसम विभाग ने कहा कि शीतलहर की स्थिति कश्मीर घाटी और लद्दाख में बनी हुई है। लद्दाख और लेह में पारा शून्य से 13 डिग्री सेल्सियस कम रहा, वहीं द्रास में न्यूनतम तापमान शून्य से 24.1 डिग्री सेल्सियस कम दर्ज किया गया।

पंजाब और हरियाणा के अधिकांश हिस्से भींषण ठंड की चपेट में हैं, जहां कुछ स्थानों पर सुबह में कोहरे की वजह से दृश्यता कम हो गई है। अमृतसर में न्यूनतम तापमान 3.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो कि पंजाब का सबसे ठंडा स्थान था। हरियाणा के हिसार में तापमान 4.1 डिग्री सेल्सियस, अंबाला में 6.9 डिग्री सेल्सियस, करनाल में 8.6 डिग्री सेल्सियस, नारनौल में 6.5 डिग्री सेल्सियस, रोहतक में 6.8 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। चंडीगढ़ में रात का तापमान 10.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से अधिक था।

राजस्थान में, गंगानगर में 3.7 डिग्री सेल्सियस तापमान के साथ ठंड का मौसम जारी रहा। चूरू में पारा 3.9 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया, जबकि पिलानी, सीकर, बीकानेर और जयपुर में रात का तापमान क्रमशः 5.4, 6, 6.2 और 9.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मध्‍य प्रदेश के उमरिया, सीधी, जबलपुर, देवास, सतना और रेवा में अगले 24 घंटों के दौरान बारिश का अनुमान है।

पश्चिम भारत में अगले 36 घंटों के दौरान सिलीगुड़ी, जलपाईगुड़ी, कूच बिहार, मालदा, शांति निकेतन और उत्तर दिनाजपुर में हल्की बारिश होने की संभावना है। बिहार में पूर्वी चंपारण, पश्चिमी चंपारण, छपरा, सिवान, सीतामढ़ी, दरभंगा, मुज़फ़्फ़रपुर, सुपौल, सीतामढ़ी, किशनगंज, पूर्णिया, पटना, औरंगाबाद, लखीसराय, गया, डाल्टनगंज, चतरा, रामगढ़ आदि स्थानों पर बारिश होने की संभावना है।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com