प्रचंड शीत लहर के बीच कश्मीर घाटी में आज यानी कि सोमवार से मौसम का मिजाज फिर बिगड़ने के आसार हैं। मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक घाटी में 30 दिसंबर और जम्मू में 31 दिसंबर से बारिश और बर्फबारी हो सकती है। बारिश और बर्फबारी का सिलसिला चार जनवरी तक जारी रह सकता है। इससे मैदानी क्षेत्रों के लोग एक बार फिर कड़ाके की ठंड की चपेट में आ जाएंगे।

हालांकि रविवार को करीब एक सप्ताह बाद जम्मू में धूप खिलने से लोगों को सर्दी से कुछ राहत मिली। दिन के अधिकतम तापमान में करीब तीन डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज हुई। यहां अधिकतम तापमान 14.3 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 5.7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
श्री माता वैष्णो देवी के आधार शिविर कटड़ा में अधिकतम तापमान 14.5 और न्यूनतम तापमान 3.3 डिग्री सेल्सियस रहा। वहीं कश्मीर घाटी में दुश्वारियां जारी रहीं।
रविवार को श्रीनगर का न्यूनतम तापमान -6.2 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान नौ डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। श्रीनगर में कड़ाके की ठंड से जलस्रोत जम रहे हैं। कश्मीर घाटी और लद्दाख के अधिकांश क्षेत्रों में न्यूनतम तापमान जमाव बिंदू से नीचे चल रहा है।
Live Halchal Latest News, Updated News, Hindi News Portal