प्रदेश भाजपा में प्रत्याशियों के चयन को लेकर मंथन की प्रक्रिया तेज हो गई है। अनुमान लगाया जा रहा है भाजपा प्रत्याशियों की पहली सूची आठ या नौ नवंबर तक जारी कर सकती है। इस क्रम में सोमवार को प्रत्याशियों के चयन के लिए विधानसभावार पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं के साथ रायशुमारी की प्रक्रिया पूरी की गई। रायशुमारी में सुझाए गए नामों पर बुधवार को होने वाली प्रदेश चुनाव समिति की बैठक में चर्चा होगी, जिसे अंतिम रूप दिल्ली में दिया जाएगा। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की प्रदेश की कोर टीम दो चरणों में बुधवार शाम और गुरुवार सुबह दिल्ली के लिए रवाना होगी।

प्रदेश चुनाव समिति की पहली बैठक में आए सुझाव पर अमल करते हुए मंगलवार को चार प्रमंडलों की 63 विधानसभा के लिए भाजपा में रायशुमारी की प्रक्रिया पूरी की गई।
राजधानी रांची में अलग-अलग स्थानों पर चार प्रमंडलों (पलामू, कोल्हान और उत्तरी व दक्षिणी छोटानागपुर प्रमंडल) के अंतर्गत आने वाली विधानसभा सीटों के लिए पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने प्रत्याशियों के चयन के लिए बकायदा अपना मत डालकर तीन-तीन नाम सुझाए। संंताल परगना के लिए रायशुमारी की प्रक्रिया बुधवार को पूरी की जाएगी। रायशुमारी में आए नामों पर बुधवार को प्रदेश चुनाव समिति की बैठक में चर्चा की जाएगी।
प्रदेश चुनाव समिति की कोशिश होगी कि प्रत्येक सीट के लिए अधिकतम तीन नामों का विधानसभावार चयन कर लिया जाए। इस सूची को लेकर प्रदेश की कोर टीम जिसमें प्रदेश अध्यक्ष लक्ष्मण गिलुवा, मुख्यमंत्री रघुवर दास, विधानसभा चुनाव प्रभारी ओम प्रकाश माथुर, सह प्रभारी नंद किशोर यादव, संगठन महामंत्री धर्मपाल सिंंह और चुनाव समिति के अन्य सदस्य दो चरणों में बुधवार शाम और गुरुवार सुबह दिल्ली के लिए रवाना हो जाएंगे। भाजपा सांसदों को भी दिल्ली बुलाया गया है।
Live Halchal Latest News, Updated News, Hindi News Portal