मुंबई हमले के मास्टरमाइंड आतंकी हाफिज सईद की गिरफ्तारी का पाकिस्तान का नाटक दूसरे दिन ही सामने आने लगा है। हाफिज सईद को जेल में नहीं बल्कि गुजरांवाला जेल अधीक्षक के बंगले में रखा गया है। उसे वीआइपी सुविधा मिल रही है।

आतंकी संगठन जमात उत दावा का प्रमुख हाफिज सईद मुंबई में 2008 में हुए आतंकी हमलों का मास्टरमाइंड है। भारत उसकी गिरफ्तारी को लेकर लंबे समय से दबाव बना रहा है। उसे संयुक्त राष्ट्र ने भी वैश्विक आतंकी घोषित किया हुआ है। वहीं अमेरिका ने उस पर एक करोड़ डॉलर (करीब 70 करोड़ रुपये) का इनाम रखा है।
प्रधानमंत्री इमरान खान के पहले अमेरिका दौरे से ठीक पहले पाकिस्तान ने बुधवार को हाफिज सईद को गिरफ्तार किया था। आतंकी गतिविधियों के लिए फंड मुहैया कराने के आरोप में गिरफ्तारी के बाद उसे सात दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया था। हाफिज के साथ वीआइपी जैसा व्यवहार हो रहा है और उसे गुजरांवाला जेल के नजदीक जेल अधीक्षक के बंगले में रखा गया है।
इमरान 21 तारीख को अमेरिका दौरे पर जाएंगे। यहां अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से 22 को उनकी मुलाकात होनी है।
ट्रंप का उड़ा मजाक
हाफिज सईद की गिरफ्तारी पर ट्वीट कर अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप एक बार फिर सोशल मीडिया पर निशाने पर आ गए हैं। ट्रंप ने ट्वीट किया था कि 10 साल की तलाश के बाद आखिर मुंबई हमलों का मास्टरमाइंड पकड़ा गया। ट्रंप के ट्वीट पर पाकिस्तान के एंकर अंबर शम्सी ने कहा कि हाफिज कहीं गायब नहीं था। वह पाकिस्तान में ही था और सबके सामने था।
अमेरिका में पाकिस्तान के पूर्व राजदूत हुसैन हक्कानी ने कहा, ‘उसे खोजना कभी मुद्दा नहीं था। वह सामने ही था। ट्रंप को ऐसे आदमी को तुरंत हटा देना चाहिए, जिसने उन्हें गलत जानकारी दी।
Live Halchal Latest News, Updated News, Hindi News Portal