लग्जरी वाहन बनाने वाली कंपनी जगुआर लैंड रोवर ब्रिटेन में 5000 कर्मचारियों की छंटनी की घोषणा कर सकती है। बताया जा रहा है कि कारों की घटती बिक्री के बीच बचत बढ़ाने और ब्रेक्जिट की आशंका को देखते हुए टाटा मोटर्स के स्वामित्व वाली कंपनी यह कदम उठाने जा रही है।
कहा जा रहा है कि चीन में बिक्री पर असर की वजह से छंटनी की जा सकती है। जुगुआर लैंड रोवर में ब्रिटेन में 40 हजार से अधिक लोग काम करते हैं। बताया जा रहा है कि प्रोडक्शन यूनिट से कर्मचारियों को नहीं निकाला जाएगा। रिसर्च और सेल्स से कर्मचारियों की छंटनी हो सकती है।
बीबीसी की खबर के मुताबिक, 3.20 अरब डॉलर की बचत करने की योजना के हिस्से के तहत यह छंटनी की जा रही है। हालांकि, छंटनी को लेकर अभी तक कंपनी का कोई बयान सामने नहीं आया है। बीबीसी की खबर में कहा गया है कि कंपनी चीन में बिक्री में गिरावट तथा यूरोपीय संघ से ब्रिटेन के हटने के कारण यह फैसला ले रही है।
कंपनी ब्रेक्जिट के बाद भी यूरोपीय संघ में अपना संयंत्र सुनिश्चित करने के लिए पहल कर चुकी है। बताते चलें कि ब्रिटेन 29 मार्च को यूरोपीय समूह से बाहर हो रहा है। इस बीच कंपनी ने पश्चिमी स्लोवाकिया के नित्रा में अक्टूबर में 1.60 अरब डॉलर का संयंत्र शुरू कर दिया है।
Live Halchal Latest News, Updated News, Hindi News Portal